देश की खबरें | विषयों के बारे में छात्रों में बेहतर समझ बनाने के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन होगा : एनसीएफ

नयी दिल्ली, 24 अगस्त स्कूलों में माध्यमिक स्तर के छात्रों को विषयों से संबंधित कठिनाइयों और गूढ़ सवालों के जवाब तलाशने में सहायता के लिए अब ‘अतिरिक्त कक्षाओं’ (एडिशनल इंरिचमेंट पीरियड) का आयोजन किया जायेगा।

स्कूलों में नियमित कक्षा के बाद हर रोज शाम को और दो कामकाजी शनिवार को इनका आयोजन किया जायेगा जो ‘वैकल्पिक’ होंगे। शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा के नए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या ढांचे (एनसीएफ) से यह जानकारी मिली है।

इसरो के पूर्व प्रमुख के. कस्तूरीरंगन की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा तैयार दस्तावेज के अनुसार, तैयारी, मध्य और माध्यमिक स्तर पर स्कूलों के लिए वार्षिक कामकाजी दिवस 220 होंगे जो राष्ट्रीय अवकाश, आवधिक छुट्टी आदि पर विचार करने के बाद तय किए जाएंगे । इन 220 दिनों में से 20 दिन मूल्यांकन और इससे जुड़ी गतिविधियों के लिए हो सकते हैं।

इसमें कहा गया है कि इसके अलावा स्कूल से जुड़े कार्यक्रमों एवं अन्य गतिविधियों के लिए 20 दिन और रखे जा सकते हैं । इन 20 दिनों में मध्य एवं माध्यमिक स्तर के छात्रों के लिए 10 दिन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सिफारिशों के तहत बस्ता रहित दिवस के रूप में तय किये जा सकते हैं।

दस्तावेज के अनुसार, ऐसे में स्कूल के तीनों स्तरों के लिए पढ़ाई एवं निर्देश के 180 दिवस हो सकते हैं।

एनईपी के दस्तावेत के अनुसार, स्कूलों में माध्यमिक स्तर के छात्रों के लिए कक्षा के बाद हर रोज शाम में और दो कामकाजी शनिवार को ‘अतिरिक्त कक्षाओं’ (एडिशनल इंरिचमेंट पीरियड) का आयोजन किया जायेगा, जो वैकल्पिक होगा।

इसमें कहा गया है कि इससे छात्र पाठ्यक्रम से जुड़े विषयों के बारे में बेहतर समझ बनाने के लिए अतिरिक्त समय का उपयोग कर सकेंगे।

कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा, सेहत, व्यवसायिक शिक्षा जैसे क्षेत्रों में अतिरिक्त समय का उपयोग समूह /टीम अभ्यास, अंतर स्कूल प्रतियोगिकता की तैयारी, विषय क्लब आदि के लिए किया जा सकता है।

दस्तावेज के अनुसार, तैयारी स्तर’ में 8 से 11 वर्ष आयु वर्ग के छात्र होंगे। ‘मध्य स्तर’ में 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग के छात्र तथा ‘माध्यमिक स्तर’ में 14 से 18 आयु वर्ग के छात्र होंगे।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)