देश की खबरें | अडाणी-हिंडनबर्ग विवाद : ‘आप’ ने श्रीनगर, जम्मू में किया विरोध प्रदर्शन, जेपीसी जांच की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं को अडाणी-हिंडनबर्ग विवाद को लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने से रोक दिया।

श्रीनगर/जम्मू, 12 फरवरी जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं को अडाणी-हिंडनबर्ग विवाद को लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने से रोक दिया।

आप की मध्य कश्मीर युवा इकाई के अध्यक्ष जिब्रान दार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता जवाहर नगर इलाके में इकट्ठा हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्यवसायी गौतम अडाणी के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मोदी अडाणी का पक्ष ले रहे हैं, लेकिन आम लोगों के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं।

इससे पहले कि प्रदर्शनकारी इलाके में भाजपा कार्यालय पहुंच पाते, उससे पहले ही प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और स्थानीय पुलिस थाने ले गए।

अमेरिका की वित्तीय शोध कंपनी ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ द्वारा गौतम अडाणी के नेतृत्व वाले समूह पर फर्जी लेनदेन और शेयर की कीमतों में हेरफेर सहित कई गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद समूह के शेयर की कीमतों में गिरावट आई है। अडाणी समूह ने आरोपों से इंकार किया है।

आप ने इस मुद्दे को लेकर जम्मू में भाजपा कार्यालय के बाहर धरना दिया और स्वतंत्र भारत के “सबसे बड़े घोटाले” की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग की।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में आप कार्यकर्ता त्रिकुटा नगर में भाजपा कार्यालय के बाहर इकट्ठे हुए और भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने दावा किया गया कि मोदी ने एक व्यक्ति को सभी संसाधन दिए और उसे दुनिया का दूसरा सबसे अमीर व्यक्ति बना दिया।

विपक्षी दल अडाणी समूह के खिलाफ आरोपों की जेपीसी जांच या उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें