रूस ने हालांकि इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
पश्चिमी अफ्रीका और सहेल क्षेत्र पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में रूस के अर्द्धसैनिक बल वैगनर समूह की आलोचना करते हुए अमेरिकी उपराजदूत रिचर्ड मिल्स ने रूस पर यह आरोप लगाए।
रिचर्ड मिल्स ने वैगनर समूह पर चरमपंथी खतरे से निपटने में विफल रहने, अफ्रीकी देशों से उनके संसाधनों को लूटने, मानवाधिकारों का हनन करने और संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों तथा कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप लगाए हैं।
फ्रांस के राजनीतिक सलाहकार आइसिस जराउड-डारनॉल्ट ने भी रिचर्ड मिल्स के आरोपों के साथ सहमति जताते हुए कहा कि वैगनर समूह का भाड़े के सैनिकों द्वारा इस्तेमाल किया गया ‘‘मॉडल’’ दक्षिण अफ्रीका में ‘‘आतंकवाद का मुकाबला करने में पूरी तरह से निष्प्रभावी’’ साबित हुआ है।
डारनॉल्ट ने माली में 30 से अधिक नागरिकों की कथित हत्या और प्राकृतिक संसाधनों की लूट सहित वैगनर समूह के काम और मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन के ‘‘नापाक’’ और विनाशकारी प्रभाव का भी हवाला दिया।
संयुक्त राष्ट्र में ब्रिटेन के उपराजदूत जेम्स कैरियुकी ने विशेष रूप से माली, बुर्किना फासो, नाइजीरिया और लेक चाड बेसिन में सुरक्षा की स्थिति में गिरावट और पश्चिमी अफ्रीकी तटीय देशों में अस्थिरता फैलने की आशंका का हवाला देते हुए वैगनर समूह की आलोचना की।
जेम्स कैरियुकी ने सुरक्षा परिषद से कहा, ‘‘आप इस क्षेत्र में वैगनर समूह द्वारा निभाई जाने वाली अस्थिरताकारी भूमिका की उपेक्षा नहीं कर सकते। वे समस्या का हिस्सा हैं, समाधान नहीं। ’’
रूस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र में रूस की उपराजदूत एना एवतिग्नीवा ने कहा, ‘‘ कुछ देशों ने आज एक बार फिर घोषणा की कि रूस स्पष्ट रूप से अफ्रीका के संसाधनों की लूट कर रहा है और आतंकवादी खतरों के विकास को सुगम बना रहा है। रूस पर लगाए गए सभी आरोप बेहद हैरान करने वाले हैं। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY