देश की खबरें | एक युवक ने घायल व्यक्ति पर किया पेशाब, आगरा में एक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सोशल मीडिया पर सोमवार एक वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिसमें एक युवक को जमीन पर बेहोश पड़े एक घायल व्यक्ति पर पेशाब करते हुए देखा जा सकता है।
आगरा, 24 जुलाई सोशल मीडिया पर सोमवार एक वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिसमें एक युवक को जमीन पर बेहोश पड़े एक घायल व्यक्ति पर पेशाब करते हुए देखा जा सकता है।
तीस सेकेंड के इस वीडियो में युवक इस व्यक्ति के सिर पर लात मारते हुए भी नजर आ रहा है। वीडियो में युवक और उसके दोस्तों को पीड़ित को गाली देते हुए सुना जा सकता है।
वीडियो के व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि वीडियो करीब तीन-चार महीने पुराना है।
पुलिस उपायुक्त (शहर) सूरज कुमार राय ने कहा, ‘‘पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।’’
ट्विटर पर एक वीडियो बयान में राय ने कहा कि वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया।
राय ने कहा, ‘‘जांच के बाद पुलिस को पता चला कि इस संबंध में आगरा के किसी भी पुलिस थाने में पीड़ित द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। बाद में पता चला कि वीडियो तीन-चार महीने पुराना था और आरोपी युवक की पहचान आदित्य के रूप में की गई है।’’
आदित्य को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
राय ने कहा, ‘‘हम वीडियो में शामिल अन्य युवकों की भी जांच कर रहे हैं। गिरफ्तार युवक आदित्य को अदालत में पेश किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)