ताजा खबरें | पिछले 10 महीने में केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों में कुल 13,371 रिक्तियों को भरा गया: सरकार

नयी दिल्ली, सात अगस्त सरकार ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि मिशन चलाकर भर्ती अभियान के तहत केवल 10 महीने में केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों में कुल 13,371 रिक्तियों को भरा गया है।

लोकसभा में ए राजा के प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने यह जानकारी दी। सदस्य ने पूछा था कि क्या यह सच है कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में मिशन मोड में संकायों की भर्ती की गई है जबकि शिक्षकों के 6,000 से अधिक पद अब भी रिक्त हैं।

शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि मंत्रालय ने सभी केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों को रिक्तियों को आरक्षित श्रेणी के पदों के लिए एक विशेष अभियान चलाकर भरने का निर्देश दिया है।

उन्होंने बताया, ‘‘ तीन अगस्त 2023 तक की स्थिति के अनुसार, मिशन प्रारूप में भर्ती अभियान के तहत केवल 10 महीने में केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों में कुल 13,371 रिक्तियों को भरा गया है।’’

प्रधान ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय के तहत उच्च शिक्षा संस्थान (एचईआई) संसद के संबंधित केंद्रीय अधिनियमों के तहत स्थापित सांविधिक स्वायत्त संगठन हैं और इसके तहत बनाए गए अधिनियमों, अध्यादेशों, विनियमों के प्रावधान द्वारा संचालित होते हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘ रिक्तियों का होना और उन्हें भरा जाना एक सतत प्रक्रिया होती है।’’

उन्होंने कहा कि रिक्तयां सेवानिवृति, त्यागपत्र और छात्रों की बढ़ी हुई संख्या के चलते अतिरिक्त आवश्यतकताओं के कारण उत्पन्न होती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)