देश की खबरें | गुरुग्राम की भोंडसी जेल में 2,800 से अधिक कैदियों के लिए एक चिकित्सक: एनएचआरसी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) को गैंगस्टरों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल, 5जी सिग्नल जैमर की कमी, महिला चिकित्सा कर्मियों की कमी और 2,800 से अधिक कैदियों की देखभाल के लिए सिर्फ एक चिकित्सक जैसी कुछ समस्याएं मिलीं।
गुरुग्राम, पांच अप्रैल हरियाणा में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) को गैंगस्टरों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल, 5जी सिग्नल जैमर की कमी, महिला चिकित्सा कर्मियों की कमी और 2,800 से अधिक कैदियों की देखभाल के लिए सिर्फ एक चिकित्सक जैसी कुछ समस्याएं मिलीं।
एनएचआरसी के विशेष निरीक्षक बालकृष्ण गोयल ने मंगलवार को निरीक्षण किया था।
एनएचआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गोयल ने पाया कि जेल में सिर्फ एक चिकित्सक है।
उन्होंने बताया कि जेल में महिला कैदियों के लिए कोई महिला चिकित्सक नहीं है, जिससे यह चिंता पैदा होती है कि बीमार महिलाएं पुरुष चिकित्सक से अपने स्वास्थ्य के मुद्दों पर कैसे चर्चा करती होंगी।
जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चिकित्सा कर्मियों की कमी की बात स्वीकार की।
अधिकारी ने बताया कि जेल में चिकित्सा अधिकारी के तीन पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में सिर्फ एक पद पर ही चिकित्सक नियुक्त है।
उन्होंने बताया कि जेल में सिर्फ एक ही चिकित्सक है, इसलिए वह बीमार कैदियों को गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में भेज देते हैं।
गोयल ने भोंडसी जेल में बंद सभी कैदियों का हालचाल जानने के साथ ही उन्हें दी जा रही सुविधाओं और जेल प्रशासन के व्यवहार के बारे में भी जानकारी ली।
गोयल ने जेल की रसोई का भी निरीक्षण किया और कैदियों को दिए जा रहे भोजन पर संतोष जताया।
गोयल ने कहा, “भोंडसी जेल में केवल 2जी सिग्नल जैमर हैं, इसलिए मोबाइल फोन पर 5जी नेटवर्क चालू है। इसका फायदा उठाते हुए जेल में बंद कई गैंगस्टर अंदर मोबाइल फोन का कथित तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं।”
एक अधिकारी के अनुसार, दिसंबर 2024 तक जेल में कुल 2,898 कैदी बंद थे जबकि स्वीकृत क्षमता 2,412 है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)