देश की खबरें | पुलिसकर्मियों द्वारा कथित पिटायी के बाद एक शख्स ने की आत्महत्या, एएसआई निलंबित

जोधपुर (राजस्थान), 31 मार्च राजस्थान के पाली जिले में पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से पिटायी किए जाने के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली, जिसके बाद प्राधिकारियों को एक सहायक सब-इंस्पेक्टर को निलंबित करना पड़ा और पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को हटाना पड़ा।

पुलिस ने बताया कि मुकुन सिंह को मोबाइल फोन चोरी के एक मामले में मंगलवार को केशव नगर में उसकी दुकान से गिरफ्तार किया गया था और पूछताछ के बाद उसे रिहा कर दिया गया था।

उसके परिवार ने बताया कि घर लौटने के बाद उसने कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया और उसे बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया तथा उसके बाद एम्स, जोधपुर ले जाया गया, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गयी।

सिंह के परिवार के सदस्यों ने एएसआई ओम प्रकाश चौधरी और पुलिस चौकी के अन्य पुलिसर्मियों पर उससे मारपीट करने तथा उसे अपमानित करने तथा दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। परिवार और समुदाय के सदस्य चौधरी को गिरफ्तार करने, चिकित्सा बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराने और वित्तीय मुआवजे की मांग को लेकर जोधपुर और पाली में धरने पर बैठ गए।

पुलिस अधीक्षक (पाली) रंजन दुष्यंत ने कहा, ‘‘हमने एएसआई ओम प्रकाश चौधरी को निलंबित कर दिया है और पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को हटा दिया है।’’

महानिरीक्षक (जोधपुर रेंज) पी रामजी ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी को सजा दी जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)