देश की खबरें | केजरीवाल की हत्या की साजिश रची गई, उन्हें कुछ हुआ तो भाजपा होगी जिम्मेदार : आम आदमी पार्टी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को अपने संयोजक अरविंद केजरीवाल की हत्या की ‘‘गहरी साजिश’’ का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि अगर उन्हें कुछ भी हुआ तो इसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी।

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को अपने संयोजक अरविंद केजरीवाल की हत्या की ‘‘गहरी साजिश’’ का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि अगर उन्हें कुछ भी हुआ तो इसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी।

आप नेताओं ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर ‘‘भाजपा के गुंडों’’ ने हमला किया।

आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया, ‘‘घटना में पुलिस की मिलीभगत साफ तौर पर केजरीवाल की हत्या की गहरी साजिश को दर्शाती है। भाजपा उनकी जान की दुश्मन बन गई है।’’

सिंह के आरोपों पर पुलिस या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

आप नेता ने कहा कि विकासपुरी की घटना के बावजूद केजरीवाल तय कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा अभियान जारी रखेंगे।

जब उनसे पूछा गया कि पार्टी ने इस घटना के संबंध में कोई शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई, तो सिंह ने कहा कि अगर पुलिस ‘‘निष्पक्ष’’ होती और उसके अधिकारी हमलावरों के समूह को रोकने के लिए कुछ करते तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि हमलावर भाजपा की युवा शाखा के थे।

आप नेता ने कहा कि पुलिस घटना का संज्ञान लेकर जांच कर सकती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए कानूनी सलाह ले रही है।

आप सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता केजरीवाल पर हमला करने वालों का समर्थन कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\