काहिरा के पास बनेगा 2.5 लाख करोड़ का शहर

काहिरा के पूर्व में बनने वाला 2.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

काहिरा के पूर्व में बनने वाला 2.5 लाख करोड़ रुपये का नया शहर सिर्फ एक बड़ा निर्माण प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि हजारों लोगों के लिए नए घर, रोजगार और बेहतर जीवन की उम्मीद भी लेकर आ रहा है.एक ऐसी दुनिया में जहां रहने, खाने, ओढ़ने और बोलने के लिहाज से असमंजस है, वहीं मिस्र के मशहूर कारोबारी तलात मुस्तफा मिस्र के सरकारी बैंक के साथ मिलकर राजधानी काहिरा के पास एक नया शहर बसाना चाहते हैं. तेजी से बढ़ते शहरी दबाव, आर्थिक विस्तार और बुनियादी ढांचे की जरूरतों के बीच मिस्र ने एक महत्वाकांक्षी मेगा-प्रोजेक्ट की घोषणा की है. देश की बड़ी रियल एस्टेट कंपनी तलात मुस्तफा ग्रुप काहिरा के पूर्व में 1.4 ट्रिलियन मिस्री पाउंड (करीब 27 अरब डॉलर या 2.5 लाख करोड़ रुपये) की लागत से एक नया मिक्स्ड-यू शहर विकसित करेगी.

मिस्र बड़े पैमाने पर शहरी विस्तार और नई आर्थिक गतिविधियों के जरिए विकास को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. कंपनी, जो पहले ही काहिरा में बड़ी परियोजनाओं के लिए जानी जाती है, इस नए प्रोजेक्ट के जरिए अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत करना चाहती है.

ग्रुप के प्रमुख हिशाम तलात मुस्तफा हाल के वर्षों में क्षेत्रीय भू-राजनीतिक बहसों में भी सक्रिय रहे हैं और उन्होंने गाजा के पुनर्निर्माण के लिए एक वैकल्पिक 27 अरब डॉलर की योजना पेश की थी, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की प्रस्तावित योजना के मुकाबले ज्यादा व्यवहारिक कहा जा रहा था.

‘द स्पाइन' परियोजना और उसका दायरा

हिशाम तलात मुस्तफा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि "द स्पाइन” नामक यह परियोजना नेशनल बैंक ऑफ इजिप्ट के साथ साझेदारी में विकसित की जाएगी. यह परियोजना एक विशेष निवेश क्षेत्र के रूप में तैयार की जाएगी और टीएमजी की मौजूदा ‘मदिनाती' परियोजना के साथ जुड़ी होगी.

करीब 24 लाख वर्ग मीटर यानी लगभग 593 एकड़ इलाके में फैले इस शहर में आवासीय, कमर्शियल, हॉस्पिटैलिटी, खुदरा, मनोरंजन और सार्वजनिक हरित क्षेत्रों को एकसाथ विकसित किया जाएगा. इसे एक "सतत शहरी पारिस्थितिकी तंत्र” यानी सिंगल कंटीन्यूअस अर्बन एनवायरनमेंट के रूप में डिजाइन किया गया है. इसका मतलब ये है कि यहां रहने, काम करने और मनोरंजन की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी.

फैसले का अर्थव्यवस्था पर असर

कंपनी के अनुसार, यह निवेश मिस्र के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के लगभग एक फीसदी के बराबर है और इससे समय के साथ करीब 818 अरब मिस्री पाउंड का कर राजस्व उत्पन्न होने की उम्मीद है. परियोजना से 55,000 से अधिक डायरेक्ट रोजगार और लाखों इनडायरेक्ट नौकरियां पैदा हो सकती हैं.

टीएमजी मिस्र की सबसे बड़ी सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है और इसके प्रोजेक्ट्स में लाखों लोग रहते हैं. यह कंपनी इस निवेश के जरिए अपनी स्थिति और मजबूत करने की दिशा में बढ़ रही है. वहीं, कंपनी नेतृत्व का गाजा जैसे क्षेत्रीय मुद्दों पर वैकल्पिक विकास मॉडल पेश करना यह भी दिखाता है कि वह खुद को केवल एक डेवलपर नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर शहरी और आर्थिक समाधान देने वाले खिलाड़ी के रूप में स्थापित करना चाहती है.

टीएमजी जैसी कंपनियों की बढ़ती क्षेत्रीय भूमिका यह दिखाती है कि खाड़ी इलाके में रियल एस्टेट कंपनियां अब केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि व्यापक भू-आर्थिक विमर्श का हिस्सा बनती जा रही हैं.

Share Now