देश की खबरें | महाराष्ट्र में 26 सितंबर को कलवा और मुंब्रा रेलवे स्टेशनों के बीच 10 घंटे का विशेष ‘ब्लॉक’

मुंबई, 22 सितंबर मध्य रेलवे (सीआर) ठाणे-दिवा मार्ग पर पांचवीं और छठी लाइन पर काम में तेजी लाने के लिए रविवार को मुंबई के पास कलवा-मुंब्रा अप स्लो लाइन पर 10 घंटे का ‘पावर ब्लॉक’ लगाएगा और विशेष यातायात संचालित करेगा।

इस ‘ब्लॉक’ के कारण कुछ उपनगरीय सेवाएं रद्द कर दी जाएंगी लेकिन यात्रियों के लाभ के लिए विशेष सेवाएं चलाई जाएंगी।

मध्य रेलवे ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि ठाणे-दिवा 5वीं और 6वीं लाइन के लिए अप स्लो लाइन के काम के संबंध में 26 सितंबर को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक विशेष ब्लॉक लगाया जाएगा।

मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि यह मुंबई रेलवे विकास निगम द्वारा क्रियान्वित ठाणे-दिवा अतिरिक्त लाइन परियोजना के संबंध में योजनाबद्ध पहला बड़ा ब्लॉक है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त लाइनों के चालू होने से पहले आने वाले महीनों में इस तरह के और लंबे अवधि वाले ब्लॉक की जरूरत होगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है, "इस ब्लॉक के कारण कुछ उपनगरीय सेवाएं रद्द कर दी जाएंगी लेकिन यात्रियों के लाभ के लिए विशेष सेवाएं चलाई जाएंगी।"

मध्य रेलवे ने महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों से रविवार को ब्लॉक प्रभावित क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था करने को कहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)