देश की खबरें | ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से अब तक 517 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जा चुका है: विदेश मंत्रालय

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शनिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 500 से अधिक भारतीय नागरिक ईरान से स्वदेश लौट आए हैं।

नयी दिल्ली, 21 जून विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शनिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 500 से अधिक भारतीय नागरिक ईरान से स्वदेश लौट आए हैं।

विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में निकासी अभियान की स्थिति के बारे में जानकारी साझा की।

इजराइल के साथ सैन्य टकराव तेज होने के बाद ईरान से निकाले गए छात्रों समेत भारतीय नागरिक शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के दिल्ली पहुंचे।

भारत ने बुधवार को ईरान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन सिंधु शुरू करने की घोषणा की थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, “ऑपरेशन सिंधु के तहत एक विमान भारतीय नागरिकों को स्वदेश ले आया है। भारत ने विशेष विमान से छात्रों और तीर्थयात्रियों समेत 290 भारतीय नागरिकों को ईरान से निकाला है। यह विमान 20 जून को रात साढ़े 11 बजे नयी दिल्ली पहुंचा और सचिव (सीपीवी और ओआईए) अरुण चटर्जी ने वापस लौटे लोगों का स्वागत किया।”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने तुर्कमेनिस्तान से आए एक निकासी विमान के बारे में जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा, "ऑपरेशन सिंधु जारी है। ईरान से भारतीयों को लेकर रवाना हुआ विशेष निकासी विमान बीती रात तीन बजे तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात से नयी दिल्ली पहुंचा। इसके साथ ही, ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से अब तक 517 भारतीय नागरिक स्वदेश लौट चुके हैं।"

जोहेब मनीषा

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\