देश की खबरें | लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में 50 नर्सों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली स्थित लाल किले पर मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह देखने और भाग लेने के लिए देश भर से 50 नर्सों को उनके परिवार के सदस्यों के साथ विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

नयी दिल्ली, 14 अगस्त दिल्ली स्थित लाल किले पर मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह देखने और भाग लेने के लिए देश भर से 50 नर्सों को उनके परिवार के सदस्यों के साथ विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि ये आमंत्रित नर्सें एवं उनके परिवार के सदस्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों के 1,800 विशेष अतिथियों का हिस्सा होंगे, जिनमें 660 से अधिक जीवंत गांवों के 400 से ज्यादा सरपंच, किसान उत्पादक संगठन योजना के 250 सदस्य और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के 50-50 प्रतिभागी शामिल हैं।

उसमें बताया गया है कि इनमें नई संसद भवन सहित सेंट्रल विस्टा परियोजना के 50 श्रम योगी (निर्माण श्रमिक) भी शामिल हैं। इसके अलावा खादी के 50 कर्मी, सीमा सड़कों के निर्माण में शामिल 50 लोग भी हैं। इनमें अमृत सरोवर और हर घर जल योजना, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, नर्स और मछुआरे भी शामिल हैं। इन सबके 50-50 लोग समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर हिस्सा लेंगे।

बयान में कहा गया है कि सरकार के 'जनभागीदारी' के दृष्टिकोण के अनुरूप भारत भर से सभी क्षेत्रों के लोगों को आमंत्रित करने और समारोहों का हिस्सा बनने की पहल की गई है।

नर्सिंग समुदाय के सदस्यों ने केंद्र सरकार की पहल की सराहना की।

स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान में स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित नर्स अनीता तोमर के हवाले से कहा, “ मैं पूरे नर्सिंग समुदाय की ओर से माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं भारत सरकार का तहे दिल से धन्यवाद देती हूं।”

सफदरजंग अस्पताल की नर्सिंग अधिकारी वंदना कौशिक ने कहा, “ कोविड के दौरान हमारे प्रयासों और समर्पण को मान्यता देने के लिए मैं सरकार के प्रति अपना आभार व्यक्त करती हूं। मैं विभिन्न विकास योजनाओं के माध्यम से दिखाए गए नर्स समर्थक दृष्टिकोण के लिए भी सरकार को धन्यवाद देना चाहती हूं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\