देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में पिछले तीन वर्षों में हाथियों के हमले में 204 लोगों की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ में पिछले तीन वर्षों में हाथियों के हमले में 204 लोगों की मौत हुई है। राज्य में इस दौरान 45 हाथियों की भी मृत्यु हुई है।

रायपुर, 26 जुलाई छत्तीसगढ़ में पिछले तीन वर्षों में हाथियों के हमले में 204 लोगों की मौत हुई है। राज्य में इस दौरान 45 हाथियों की भी मृत्यु हुई है।

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक धर्मजीत सिंह के एक सवाल के लिखित जवाब में राज्य के वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि वर्ष 2018, 2019 और 2020 में हाथियों के हमलों में 204 लोगों की मौत हुई है तथा 97 लोग घायल हुए हैं।

अकबर ने बताया कि इस अवधि के दौरान हाथियों से फसलों को नुकसान पहुंचने के 66,582 मामले, घरों को नुकसान पहुंचने के 5047 मामले और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने के 3151 मामले दर्ज किए गए हैं।

वन मंत्री ने अपने जवाब में बताया है कि इस अवधि में हाथियों के हमले में लोगों की मौत, घायल होने तथा फसलों, घरों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने के कुल 75,081 मामले दर्ज हुए हैं तथा इन तीन वर्षों में लोगों को 57,81,63,655 रुपए का मुआवजा दिया गया है।

वन मंत्री के अनुसार छत्तीसगढ़ के उत्तर क्षेत्र के सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, रायगढ़ और कोरबा जिलों में मानव और हाथियों के बीच संघर्ष में ज्यादातर लोगों की जान गई है।

वन मंत्री ने बताया कि तीन वर्षों के दौरान राज्य में 45 हाथियों की मृत्यु की जानकारी मिली है। इनमें से वर्ष 2018 में 16 हाथियों की, वर्ष 2019 में 11 हाथियों की तथा वर्ष 2020 में 18 हाथियों की मृत्यु हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\