देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 13 माओवादी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 13 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बीजापुर, 31 मार्च छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 13 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने उसूर थाना क्षेत्र में सात माओवादियों को तथा बासागुड़ा थाना क्षेत्र में छह माओवादियों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि जिले में चल रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत उसूर थाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दल को टेकमेटला गांव की ओर रवाना किया गया था जहां उन्होंने घेराबंदी कर सात नक्सलियों--बामन माड़वी (32), सोढ़ी हिड़मा (30), बारसे अंदा (18), बारसे हड़मा (20), देवेन्द्र रवा (19), इरपा अर्जुन (30) और सुक्का ओयाम (27) को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार माओवादियों से विस्फोटक, टिफिन बम, ‘कार्डेक्स वायर (तार)’, बिजली के तार आदि बरामद किये गये।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी माओवादी बारूदी सुरंग विस्फोट की घटना में शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों ने बासागुड़ा थाना क्षेत्र में छह माओवादियों-- कोसा ऊर्फ जागेश कुंजाम (28), कोसा माड़वी ऊर्फ बोल्ली (22), बण्डी माडवी ऊर्फ राजेश (22), देवा मुचाकी (32), माड़वी जोगा (38) और देवा मुचाकी (24) को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार माओवादी बासागुड़ा थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को पुतकेल गांव निवासी दिनेश पुजारी की हत्या तथा 19 अक्टूबर को उसूर थाना क्षेत्र के मारूड़बाका में राशन दुकान के संचालक तिरूपति भण्डारी की हत्या में शामिल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ अभियान जारी है।
सं संजीव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)