देश की खबरें | अहमदाबाद विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले 10 लोग महाराष्ट्र के, ज्यादातर चालक दल के सदस्य

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में सवार कम से कम 10 लोग महाराष्ट्र के थे जिनमें एक पायलट और चालक दल के सदस्य भी शामिल थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 13 जून अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में सवार कम से कम 10 लोग महाराष्ट्र के थे जिनमें एक पायलट और चालक दल के सदस्य भी शामिल थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बृहस्पतिवार दोपहर 230 यात्रियों और चालक दल के 12 सदस्यों को लेकर लंदन जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

एक अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया जबकि विमान में सवार 241 लोग मारे गए और इनमें से 10 महाराष्ट्र के रहने वाले थे।

उन्होंने बताया कि विमान के पायलट कैप्टन सुमित पुष्करराज सभरवाल (56) मुंबई के पवई इलाके के जल वायु विहार के निवासी थे और अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते थे।

फ्लाइट के सह-पायलट क्लाइव कुंदर मुंबई के पश्चिमी उपनगर के निवासी थे जैसा कि उनके सोशल मीडिया खाते से जानकारी मिली है।

चालक दल के सदस्य दीपक पाठक ठाणे जिले के बदलापुर में रहते थे।

पाठक की बहन ने पहले बताया था कि लंदन जाने से पहले उन्होंने अपनी मां से बात की थी।

उन्होंने बताया कि दीपक 11 वर्ष से एअर इंडिया में काम कर रहे थे।

चालक दल की एक अन्य सदस्य मैथिली पाटिल (23) नवी मुंबई के न्हावा गांव की रहने वाली थीं।

मैथिली दो वर्ष पहले एअर इंडिया में शामिल हुई थीं और उनके पिता मोरेश्वर पाटिल ओएनजीसी में ठेकेदार हैं।

न्हावा के एक पूर्व सरपंच ने बताया कि मैथिली ने लंदन जाने से पहले अपने पिता से बात की थी और शहर पहुंचने पर उन्हें फोन करने का वादा किया था।

एक अन्य सदस्य अपर्णा महादिक (43) गोरेगांव की निवासी थीं और उनके पति भी एअर इंडिया में चालक दल के सदस्य के तौर पर काम करते हैं।

अपर्णा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता सुनील तटकरे की रिश्तेदार थीं।

रोशनी राजेंद्र सोंघरे डोंबिवली व सैनीता चक्रवर्ती जुहू कोलीवाड़ा की रहने वाली थीं और दोनों ही चालक दल के सदस्य के रूप में विमान में सवार थीं।

रोशनी के इंस्टाग्राम पर 54,000 से ज्यादा फॉलोअर्स थे और वह एक ‘ट्रैवल इन्फ्लुएंसर’ भी थीं।

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में महादेव पवार (68) और उनकी पत्नी आशा (60) भी शामिल हैं, जो सोलापुर जिले के सांगोला के हातिद गांव के रहने वाले थे।

पवार दंपति 15 साल पहले सांगोला छोड़कर गुजरात में बस गए थे और वे अपने बेटे से मिलने लंदन जा रहे थे।

विमान में सवार यात्री यशा कामदार मोधा (32), नागपुर के व्यवसायी मनीष कामदार की बेटी थीं।

वह अपने बेटे रुद्र व सास रक्षाबेन के साथ लंदन जा रही थीं और तीनों की दुर्घटना में मृत्यु हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\