देश की खबरें | महंगाई राहत शिविरों में 1.96 करोड़ गारंटी कार्ड दिए गए : गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि राजस्थान में चल रहे करीब 3,000 महंगाई राहत शिविरों में राज्य सरकार की 10 प्रमुख योजनाओं के लिए 1.96 करोड़ गारंटी कार्ड का वितरण किया गया है।
उदयपुर, तीन मई राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि राजस्थान में चल रहे करीब 3,000 महंगाई राहत शिविरों में राज्य सरकार की 10 प्रमुख योजनाओं के लिए 1.96 करोड़ गारंटी कार्ड का वितरण किया गया है।
गहलोत ने उदयपुर के कोटड़ा में ‘महंगाई राहत कैंप’ एवं ‘प्रशासन गांवों के संग’ अभियान के तहत आयोजित शिविर का अवलोकन करने के बाद जनसभा में उक्त बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में 3000 महंगाई राहत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 1.96 करोड़ गारंटी कार्ड बांटे जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने 24 अप्रैल से ये शिविर लगाने शुरू किए हैं। इनमें राज्य सरकार की दस प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के लिए लाभार्थियों का पंजीयन कर उन्हें प्रत्येक योजना के लिए एक गारंटी कार्ड दिया जाता है। शिविरों में पंजीयन के बाद पात्र व्यक्तियों को योजना प्रारम्भ होने की तिथि से लाभ दिया जायेगा।
गहलोत ने कहा, ‘‘हमारा ध्यान महंगाई राहत शिविरों पर है ताकि (जरूरतमंद) परिवार सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर कुछ पैसे बचा सकें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपको जो दस गारंटी दी गई है, उनका बड़ा महत्व है। महंगाई का समय है, भयंकर बेरोजगारी है ऐसे वक्त में सरकार ने आम जनता को महंगाई से राहत दिलाने के लिए निर्णय किए हैं, ताकि घर में कुछ बचत हो सके। यह बचत बच्चों व परिवार के काम आएगी। इसलिए हमने दस गारंटी हमने आपको दी है।’’
गहलोत ने कहा कि महंगाई से राहत देने के लिए राजस्थान सरकार द्वारा शुरू की गई यह अपनी तरह की अनूठी पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है राजस्थान का सर्वांगिण विकास हो। उन्होंने कहा, ‘‘हमने करीब सवा लाख नौकरियां दी हैं और सवा लाख नौकरियां प्रक्रियाधीन हैं। महीने भर में जल्द ही 50 हजार अध्यापकों की भर्तियां होंगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी राज्य की शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र अच्छी स्थिति में हों तो इससे राज्य का समग्र विकास होता है और इसलिए उनकी सरकार इन दोनों क्षेत्रों पर अधिक ध्यान दे रही है। गहलोत ने झाड़ोल में आयोजित शिविर का भी अवलोकन किया व लोगों को संबोधित किया। उनके साथ अनेक नेता मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को मुख्यमंत्री गहलोत का जन्मदिन भी था। इस उपलक्ष में कोटड़ा में आदिवासियों ने उन्हें गुड़ से बनी 'लापसी' खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। गहलोत कनार्टक के दौर से उदयपुर पहुंचे।
राज्य सरकार की इन शिविरों में मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना, महात्मा गांधी नरेगा, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना तथा मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण किया जा रहा है। जनाधार कार्ड में सम्मिलित कोई भी वयस्क सदस्य पात्रता अनुसार पंजीकरण भी करा सकता है। मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना के तहत उज्ज्वला एवं बीपीएल परिवारों को 500 रुपए में घरेलू गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)