VIDEO: वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में हंगामा, 'Bombay Bites HCM' रेस्टोरेंट में भारतीय परिवार पर तोड़फोड़ और स्टाफ को धमकाने का आरोप
वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में एक भारतीय परिवार द्वारा रेस्टोरेंट के स्टाफ से बदतमीजी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है. यह घटना सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है.
हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम). वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में स्थित एक लोकप्रिय भारतीय रेस्टोरेंट 'बॉम्बे बाइट्स एचसीएम' (Bombay Bites HCM) से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रेस्टोरेंट प्रबंधन के अनुसार, एक भारतीय परिवार ने स्टाफ के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि रेस्टोरेंट की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया. यह पूरी घटना उस समय शुरू हुई जब रेस्टोरेंट स्टाफ ने परिवार को उनके बच्चों द्वारा सामान फेंकने से रोकने के लिए कहा था. 30 जून को हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बच्चों को टोकने पर भड़का परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय परिवार रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचा था. इस दौरान उनके बच्चे वहां मौजूद सामान को यहां-वहां फेंक रहे थे. रेस्टोरेंट के स्टाफ ने जब शालीनता से माता-पिता से बच्चों को संभालने और सामान न फेंकने का अनुरोध किया, तो परिवार के सदस्य भड़क गए.
प्रबंधन का आरोप है कि इसके बाद परिवार ने स्टाफ को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं. बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने रेस्टोरेंट की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया.
वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में हंगामा
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खूब शेयर किया जा रहा है. वीडियो में परिवार के सदस्यों और रेस्टोरेंट कर्मियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. इस व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स भी नाराजगी जता रहे हैं और इसे विदेशों में देश की छवि खराब करने वाला कृत्य बता रहे हैं.
जिम्मेदारी और नागरिक समझ की अपील
घटना के बाद रेस्टोरेंट प्रशासन ने एक बयान जारी कर इस पर गहरा दुख व्यक्त किया है. रेस्टोरेंट ने कहा कि इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने अपील की है कि जब भी कोई नागरिक विदेशों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करता है, तो उसमें बुनियादी नागरिक समझ (Civic Sense) और जिम्मेदार व्यवहार होना बेहद जरूरी है.
ग्लोबल स्तर पर इस तरह की घटनाएं पर्यटकों की छवि को प्रभावित करती हैं. रेस्टोरेंट ने फिलहाल इस मामले की जानकारी स्थानीय अधिकारियों को दे दी है.