Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम में बड़ा हादसा, फू कुओक द्वीप के पास लोगों से भरी नाव पलटी, 15 भारतीय पर्यटकों की मौत; 21 बचाए गए; VIDEO
वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू कुओक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के सदस्यों को ले जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई. इस हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है,
Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम के दक्षिणी हिस्से में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू कुओक द्वीप (Phu Quoc Island) के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के सदस्यों को ले जा रही एक स्पीडबोट समुद्र की तेज लहरों के कारण पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है. वियतनामी अधिकारियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राहत एवं बचाव टीमों ने अब तक 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया है.
खराब मौसम और तेज लहरों के कारण पलटी नाव
स्थानीय प्रशासन और वियतनामी समाचार वेबसाइटों के मुताबिक, यह स्पीडबोट हॉन मे रुत नगोई द्वीप (Hon May Rut Ngoai Island) से पर्यटकों को लेकर अन थोई बंदरगाह (An Thoi Port) की ओर लौट रही थी. तट से महज 400 मीटर की दूरी पर अचानक समुद्र में उठी तेज लहरों और तेज हवाओं के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में पलट गई. यह भी पढ़े: Mathura Boat Accident: यमुना नदी में नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 10, कई लोग अब भी लापता (Watch Videos)
वियतनाम में बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाव पलटने के तुरंत बाद आसपास मौजूद अन्य टूरिस्ट बोट और नाविक मदद के लिए घटना स्थल की ओर दौड़े. इसके बाद वियतनामी नौसेना, कोस्ट गार्ड और सीमा सुरक्षा बल के जवान भी बचाव अभियान में शामिल हो गए. अधिकारियों का कहना है कि कई पर्यटक नाव के भीतर फंस गए थे, जिससे बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
हादसे का शिकार हुए परिवारों की मदद और जानकारी साझा करने के लिए हनोई में भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने तुरंत आपातकालीन कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं. राजनयिक मिशन ने प्रभावित परिवारों के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.
प्रभावित लोग और उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं
-
हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम: +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, +84 33 452 0414
-
हनोई कंट्रोल रूम: +84 91 308 9165
भारतीय मिशन ने कहा है कि वे पीड़ितों की पहचान सुनिश्चित करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए वियतनाम के विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं.
लोकप्रिय पर्यटन स्थल है फू कुओक द्वीप
फू कुओक वियतनाम का सबसे बड़ा और बेहद खूबसूरत द्वीप है, जो अपने शानदार समुद्र तटों और आईलैंड-हॉपिंग टूर के लिए दुनिया भर के पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है. हाल के वर्षों में भारत से भी बड़ी संख्या में पर्यटक वियतनाम के इन तटीय इलाकों का रुख कर रहे हैं.
यह दुखद घटना ऐसे समय में हुई है जब वियतनाम में पर्यटन सीजन चरम पर है. स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खराब