पुरुषों से दूर रहें, जर्मन पुलिस अधिकारी की महिलाओं को सलाह
पुलिस एसोसिएशन के प्रमुख डिर्क पेग्लो ने अपने एक मशवरे से बहस छेड़ दी है.
पुलिस एसोसिएशन के प्रमुख डिर्क पेग्लो ने अपने एक मशवरे से बहस छेड़ दी है. उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा के लिहाज से पुरुषों के साथ रिश्तों में पड़ने से बचने की सलाह दी है. अपराध के आंकड़े देखें तो उनकी सलाह समझ आती है.जर्मनी में एक पुलिस एसोसिएशन के प्रमुख की टिप्पणी पर जोरदार बहस छिड़ गई है. उन्होंने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि महिलाओं के लिए बेहतर यही होगा कि वे ‘किसी पुरुष के साथ रिश्ते में न पड़ें.'
जर्मन जासूसों के संघीय एसोसिएशन (बीडीके) के प्रमुख डिर्क पेग्लो ने बीते सोमवार को यह टिप्पणी तब की, जब वे जर्मनी के ताजा आपराधिक आंकड़ों के बारे में बात कर रहे थे. इन आंकड़ों से पता चलता है कि जर्मनी में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की दर काफी ज्यादा है.
हिंसक यौन अपराधों में बढ़ोतरी
पेग्लो की यह टिप्पणी तब आई, जब वे बलात्कार, यौन उत्पीड़न और बेहद गंभीर प्रकृति के या जानलेवा यौन अपराधों की संख्या में 8.5 फीसदी की बढ़ोतरी पर चर्चा कर रहे थे.
जर्मनी में बढ़ रहे हैं दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रेरित अपराध
जब पब्लिक ब्रॉडकास्टर ‘जेडडीएफ' की होस्ट दुंजा हयाली ने उनसे पूछा कि महिलाओं के लिए उनकी क्या सलाह है, तो पेग्लो ने जवाब दिया, "बेहतर होगा कि वे किसी पुरुष के साथ रिश्ते में न पड़ें.”
उन्होंने आगे कहा, "अगर आप ऐसा करती हैं, तो मानसिक या शारीरिक हिंसा का शिकार होने का खतरा बहुत ज्यादा होता है.”
पेग्लो ने जेडडीएफ को बताया कि 2024 में, "आंकड़ों के हिसाब से, हर दिन कम से कम दो महिलाएं हत्या या हत्या की कोशिश का शिकार हुईं, और यौन अपराधों के मामले में भी स्थिति वैसी ही दिख रही है.”
सेक्स वर्क को लेकर किस तरह बदला समाज का नजरिया
बुधवार को ‘बिल्ड' अखबार को दिए एक इंटरव्यू में, पेग्लो ने अपनी टिप्पणी को लेकर सफाई दी और उसे स्पष्ट रूप से समझाने की कोशिश की. उन्होंने कहा, "मेरा बयान जाहिर तौर पर बढ़ा-चढ़ाकर कहा गया था. इसका मतलब यह नहीं था कि इसे सचमुच सलाह के तौर पर लिया जाए. ज्यादातर पुरुष हिंसक नहीं होते और न ही वे अपराधी होते हैं.”
इंटरव्यू के बाद मिल रही हिंसक धमकियां
जेडडीएफ की हयाली ने न्यूज मैगजीन ‘फोकस ऑनलाइन' को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें और पेग्लो दोनों को धमकियां मिली हैं. यह इंटरव्यू बुधवार को प्रकाशित हुआ है.
उन्होंने कहा, "अब ऐसे पुरुष सामने आ रहे हैं जो महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा का विरोध करने के बजाय, मेरे और मेरे इंटरव्यू पार्टनर के खिलाफ हिंसक कल्पनाएं कर रहे हैं और हमें धमकियां दे रहे हैं.”
बेल्जियम में सामने आया कई महिलाओं के साथ यौन दुर्व्यवहार का मामला
2025 के आपराधिक आंकड़ों ने जर्मन मीडिया में हलचल मचा दी है, क्योंकि विदेशियों द्वारा किए गए अपराधों की दर काफी ज्यादा दिखाई गई है. हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि इन आंकड़ों को बहुत सावधानी से देखने की जरूरत है.
बलात्कार और यौन उत्पीड़न सहित हिंसक अपराधों की रिपोर्टों में बढ़ोतरी हुई है. फिर भी, जर्मनी में दर्ज किए गए कुल आपराधिक मामलों की संख्या में 4.4 फीसदी की गिरावट आई है.