विदेश

पुतिन ने कहा, "उम्मीद है यूक्रेन में परमाणु हथियारों की जरूरत नहीं पड़ेगी"

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक इंटरव्यू में कहा है कि यूक्रेन युद्ध में अब तक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की कोई जरूरत नहीं पड़ी है और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में भी यह जरूरत नहीं पड़ेगी.

पुतिन ने कहा,
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक इंटरव्यू में कहा है कि यूक्रेन युद्ध में अब तक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की कोई जरूरत नहीं पड़ी है और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में भी यह जरूरत नहीं पड़ेगी.रूस के सरकारी टेलीविजन पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रसारित होने वाले एक इंटरव्यू की कुछ झलकियां जारी की गई थीं. इनमें पुतिन ने कहा, "ऐसे (परमाणु) हथियारों के इस्तेमाल की अब तक कोई जरूरत नहीं पड़ी है. और मैं आशा करता हूं कि उनकी जरूरत नहीं पड़ेगी." उन्होंने आगे कहा, "2022 में जो शुरू किया गया था, उसे रूस के अनुकूल नतीजे तक पहुंचाने के लिए हमारे पास पर्याप्त शक्ति और साधन हैं."

नवंबर 2024 में पुतिन ने रूस की परमाणु सिद्धांत नीति में बदलाव किए थे. इन बदलावों के अंतर्गत परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की शर्तों को स्पष्ट किया गया था. नई नीति के अनुसार, अगर कोई पारंपरिक हमला किसी परमाणु शक्ति द्वारा समर्थित हो, तो रूस परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है.

फिलहाल यूक्रेन और रूस के बीच युद्धविराम को लेकर गतिरोध बना हुआ है. रूस ने 8 से 10 मई तक द्वितीय विश्व युद्ध के विजय दिवस पर 72 घंटे के एकतरफा संघर्षविराम की घोषणा की है. लेकिन यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इसे "नरम माहौल" बनाने की कोशिश बताया और 30-दिन के एक ठोस युद्धविराम की मांग दोहराई. जेलेंस्की ने कहा कि यह युद्धविराम कभी भी शुरू हो सकता है और शांति की ओर एक सार्थक कदम हो सकता है.

यूक्रेन में हमले जारी हैं

यूक्रेन में युद्ध की भयावहता जारी है. रविवार (4 मई) को कीव में रूसी ड्रोन हमले में 11 लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं. कीव के ओबोलोन जिले की 83 वर्षीय निवासी वेलेंटीना फेसियुक ने बताया, "मैं सो रही थी, जब रात 12:30 बजे घर हिल गया. 12वीं मंजिल पर एक अपार्टमेंट में आग लग गई."

स्थानीय निवासी व्याचेस्लाव खोताब ने बताया, "मैंने अपनी कार जलती हुई देखी. मैं कांच के टुकड़ों से ढक गया था. मैं कुछ कर नहीं सका." 54 वर्षीय खोताब ने शांति वार्ताओं के ठप पड़ने पर नाराजगी जताते हुए कहा, "वे आपस में कुछ तय नहीं कर पा रहे और भुगतना हमें पड़ रहा है."

18 वर्षीय छात्रा डारिना क्रावचुक ने बताया, "हवाई हमले का सायरन बजने के पांच-छह मिनट बाद तेज धमाका हुआ, सब कुछ कांपने लगा. एक के बाद एक तीन धमाके हुए." उन्होंने कहा, "यह सब बहुत डरावना है, हम बहुत लंबे समय से इस पीड़ा से गुजर रहे हैं."

यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, 3 और 4 मई की दरमियानी रात रूस ने कुल 165 ड्रोन और डीकोय लॉन्च किए. वायुसेना ने बताया कि इनमें से 69 को निशाना बनाकर गिरा दिया गया और 80 को इलेक्ट्रॉनिक रूप से निष्क्रिय किया गया. रूस ने दो बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागीं. वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उसने रातभर में 13 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए.

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग रूस जाएंगे

इस बीच, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 से 10 मई तक रूस का दौरा करेंगे. वह 9 मई को रेड स्क्वायर पर विजय दिवस की परेड में राष्ट्रपति पुतिन के साथ शामिल होंगे. यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब चीन और अमेरिका के बीच व्यापार शुल्क को लेकर तनाव बढ़ गया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने हाल ही में चीन से आने वाले सामान (आयात) पर 145 प्रतिशत तक शुल्क लगाया है. इसके जवाब में चीन ने अमेरिकी वस्तुओं पर 125 प्रतिशत टैक्स लगाया है.

रूसी सरकार ने कहा कि शी जिनपिंग और पुतिन आपसी रणनीतिक साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे. कई द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है.

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "चीन और रूस संयुक्त राष्ट्र, शंघाई सहयोग संगठन और ब्रिक्स जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग और मजबूत करेंगे." उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश "ग्लोबल साउथ को एकजुट करेंगे और बहुध्रुवीय, समावेशी और समान वैश्विक व्यवस्था को बढ़ावा देंगे."

रूस ने अपने यूक्रेन अभियान की तुलना द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी के खिलाफ संघर्ष से की है. रेड स्क्वायर पर परेड में शी जिनपिंग के अलावा रूस के कई पारंपरिक सहयोगी देशों के नेता शामिल होंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2025 08:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).