विदेश

Nepal Earthquake: विनाशकारी भूकंप से मची तबाही, मरने वालों की संख्या 150 के पार; मलबे में दबी कई जिंदगियां

नेपाल में एक बार फिर से विनाशकारी भूकंप (Earthquake) आया है. नेपाल में शुक्रवार देर रात धरती इस कदर कांपी है कि दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई इलाकों तक लोग सहम गए.

Nepal Earthquake: विनाशकारी भूकंप से मची तबाही, मरने वालों की संख्या 150 के पार; मलबे में दबी कई जिंदगियां
Nepal Earthquake | X

काठमांडू: नेपाल में एक बार फिर से विनाशकारी भूकंप (Earthquake) आया है. नेपाल में शुक्रवार देर रात धरती इस कदर कांपी है कि दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई इलाकों तक लोग सहम गए. नेपाल में इस भूकंप से इमारतें जमींदोज हो चुकी हैं और मलबे में लाशों के ढेर पड़े हैं. शुक्रवार देर रात उत्तर-पश्चिमी नेपाल के जिलों में जोरदार भूकंप आने से कम से कम 154 लोग मारे गए और दर्जनों अन्य घायल हो गए. बचाव दल अभी भी पहाड़ी गांवों में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं. इस विनाशकारी भूकंप में कई घर और इमारतें ढह गईं. माना जा रहा है कि नेपाल भूकंप में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है. पीएम मोदी ने नेपाल में भूकंप के कारण हुए नुकसान पर जताया दुख, मदद का दिया भरोसा.

देश में आए 6.4 तीव्रता वाले भूकंप का केंद्र जाजरकोट जिले के लामिडांडा में था. शुक्रवार रात 11 बजकर 47 मिनट पर आए भूकंप का असर काठमांडू, इसके आसपास के जिलों और यहां तक कि पड़ोसी देश भारत की राजधानी नयी दिल्ली तक महसूस किया गया.

2015 की यादें हुई ताजा

नेपाल में आए इस भयंकर भूकंप ने एक बार फिर से 2015 के विनाशकारी भूकंप की याद दिला दी है, जिसने पूरी दुनिया को झकझोर दिया था. जिसमें हजारों लोग मारे गए थे. 25 अप्रैल, 2015 को मध्य नेपाल में काठमांडू शहर के पास यह भूकंप आया था. साल 2015 में नेपाल में आए भूकंप का असर भारत, पाकिस्तान, चीन और बांग्लादेश के कुछ इलाकों में भी महसूस किए गए थे. 2015 में आये 7.8 तीव्रता के भूकंप में लगभग 9,000 लोग मारे गए थे और पहाड़ी देश में पांच लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए थे.

इमारतें हुई जमींदोज

एक महीने में तीसरा भूकंप

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान (एनसीएस) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल में अयोध्या से लगभग 227 किलोमीटर उत्तर और काठमांडू से 331 किलोमीटर पश्चिम उत्तर-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई में था. प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि नेपाल के कई इलाकों में दर्जनों घर ढह गए. नेपाल में एक महीने में तीसरी बार तेज भूकंप आया है.

PM मोदी ने दिया मदद का भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में आए भूकंप के कारण हुई जनहानि और नुकसान पर दुख जाहिर करते हुए नेपाल को इस मुश्किल घड़ी में भारत की तरफ से हर संभव मदद देने की बात कही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' को एक्स ( पहले ट्विटर ) पर टैग करते हुए यह भरोसा दिया कि भारत नेपाल के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है. प्रधानमंत्री मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 04, 2023 11:43 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).