विदेश

इंडोनेशिया: भूकंप और सुनामी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 420

इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में आए ताकतवर भूकंप और इससे पैदा हुई सुनामी की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 420 हो गई है.

इंडोनेशिया: भूकंप और सुनामी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 420
इंडोनेशिया में भूकंप-सुनामी से मचा तबाही (Photo Credits Twitter )

पालू: इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में आए ताकतवर भूकंप और इससे पैदा हुई सुनामी की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 420 हो गई है. रविवार को सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी. इस बीच,भूकंप-सुनामी से सबसे अधिक प्रभावित पालू शहर में राहत एवं बचाव कर्मियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. इस आपदा में जीवित बचे लोग मृतकों के शव बरामद करने में अधिकारियों की मदद कर रहे हैं.

इंडोनेशिया की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘अंतारा’ ने राष्ट्रीय आपदा एजेंसी के प्रमुख के हवाले से पालू में मारे गए लोगों का ताजा आंकड़ा बताया. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि 7.5 तीव्रता के भूकंप और सुनामी में पांच-पांच फुट ऊंची उठी लहरों की चपेट में आए हताहतों की संख्या ‘‘बढ़ रही है’’, क्योंकि अब सुदूर इलाकों से नुकसान की सूचनाएं मिल रही हैं.

एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि कम से कम 540 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं. अस्पतालों को बड़ी संख्या में भर्ती किए जा रहे घायलों के इलाज में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने कहा कि क्षेत्र में सेना को बुलाया गया है ताकि वह पीड़ितों तक पहुंचने और शवों को तलाशने में खोज एवं बचाव टीमों की मदद कर सके.

कुछ सरकारी विमान राहत सामग्री लेकर पालू के प्रमुख हवाई अड्डे तक पहुंचे हैं. लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक यह हवाई अड्डा वाणिज्यिक उड़ानों के लिए बंद रहेगा.

शुक्रवार की शाम को समुद्र तट पर जश्न की तैयारी में जुटे लोग लापता बताए जा रहे हैं. उनके बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिलने से चिंता की स्थिति बनी हुई है. यह जानकारी आपदा एजेंसी ने दी.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 30, 2018 09:13 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).