विदेश

इमरान खान करेंगे वह काम जो अबतक कोई प्रधानमंत्री नहीं कर पाया है

बता दें कि चुनाव में जीत के बाद खान ने ऐलान किया था कि वह प्रधानमंत्री आवास में नहीं रहेंगे और इस आवास के बारे में उनकी पार्टी बाद में फैसला करेगी.

इमरान खान करेंगे वह काम जो अबतक कोई प्रधानमंत्री नहीं कर पाया है
इमरान खान (Photo Credit-Facebook Imran Khan-official)

इस्लामाबाद: पीटीआई के प्रमुख इमरान खान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद हफ्ते में चार-पांच दिन पंजाब भवन में मुख्यमंत्री एनेक्सी (सौध) में रहेंगे. सप्ताहांत में बानीगाला में स्थित अपने निजी आवास में रहेंगे. दूसरी तरफ इमरान खान ने पांच सीटों से चुनाव लड़ा था लेकिन चुनाव आयोग ने दो सीटों (इस्लामाबाद-2 और लाहौर-9) पर जीत का नोटिफिकेशन अभी नहीं दिया है. ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि इमरान का शपथ ग्रहण समारोह आगे भी बढ़ सकता है. पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख ने 11 अगस्त को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने का ऐलान किया था.

बता दें कि चुनाव में जीत के बाद खान ने ऐलान किया था कि वह प्रधानमंत्री आवास में नहीं रहेंगे और इस आवास के बारे में उनकी पार्टी बाद में फैसला करेगी.

पीटीआई के शीर्ष नेता नईम उल हक ने कहा कि प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद खान पंजाब भवन में मुख्यमंत्री सौध में रहेंगे. हक ने कहा कि पंजाब भवन खान साहब के रहने के लिए मुनासिब है और यह प्रधानमंत्री कार्यालय से ज्यादा दूर भी नहीं है.

डॉन अखबार ने हक के हवाले से कहा कि संभावित प्रधानमंत्री हफ्ते में चार-पांच दिन वहां रहेंगे और बानीगाला स्थित अपने आवास में सप्ताहांत गुजारेंगे. हक ने कहा कि खान नहीं चाहते हैं कि उनकी वजह से यातायात को रोका जाए और शहर के निवासियों को कोई परेशानी हो.

उन्होंने कहा कि उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के साथ कई बार चर्चा की है और वह बंदोबस्त को लेकर विश्वस्त हैं. खान के बानीगाला आवास पर इस्लामाबाद यातायात पुलिस और रेंजर्स समेत सुरक्षा बल तैनात किए जा चुके हैं.

गौरतलब है कि इमरान खान की पार्टी ने पाकिस्तान के आम चुनाव में सबसे ज्यादा 115 सीटें जीती हैं. हालांकि, उन्हें सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिल पाया है, लेकिन इमरान ने छोटे दलों और निर्दलीयों विजयी प्रत्याशियों के सहयोग से सरकार बनाने का दावा किया है और 11 अगस्त को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने का ऐलान किया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 09, 2018 09:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).