ईरान के सबसे बड़े बंदरगाह पर भीषण विस्फोट
ईरान के शाहिद राजाई बंदरगाह पर हुए एक भीषण विस्फोट में 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए.
ईरान के शाहिद राजाई बंदरगाह पर हुए एक भीषण विस्फोट में 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए. इस विस्फोट की धमक 50 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी.दक्षिणी ईरान के सबसे बड़े बंदरगाह शाहिद राजाई पर शनिवार को एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें 516 से अधिक लोग घायल हो गए. सरकारी मीडिया के अनुसार, विस्फोट के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है.
सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित फुटेज में देखा गया कि बंदरगाह क्षेत्र से घने काले धुएं के गुबार उठ रहे हैं और आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं. आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि सैकड़ों घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है.
क्षेत्रीय बंदरगाह अधिकारी इस्माइल मलिकजादेह ने बताया कि विस्फोट शाहिद राजाई बंदरगाह के एक हिस्से में हुआ. उसके बाद वहां आग लग गई, जिसे बुझाने का काम जारी है. कस्टम कार्यालय ने एक बयान में कहा कि विस्फोट का कारण संभवत उस इमारत में लगी आग हो सकती है जिसमें खतरनाक रसायन रखे जाते हैं.
सबसे बड़ा बंदरगाह
शाहिद राजाई बंदरगाह राजधानी तेहरान से लगभग एक हजार किलोमीटर दूर दक्षिण में है. यह ईरान का सबसे उन्नत कंटेनर बंदरगाह है और बंदर अब्बास शहर से 23 किलोमीटर दूर उस समुद्री इलाके के पास है जिससे दुनिया का करीब 20 फीसदी तेल गुजरता है.
देश के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरेफ ने विस्फोट के कारणों और नुकसान के आकलन के लिए जांच के आदेश दिए हैं. हर्मोजगान प्रांत के आपदा प्रबंधन प्रमुख मेहरदाद हसनजादेह ने बताया कि "यह घटना शाहिद राजाई बंदरगाह के घाट क्षेत्र में कई कंटेनरों के विस्फोट के कारण हुई." उन्होंने कहा कि घायलों को निकाला जा रहा है और उन्हें नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित किया जा रहा है.
फार्स समाचार एजेंसी ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसे 50 किलोमीटर दूर तक महसूस किया गया और लोगों ने जमीन में कंपन भी महसूस की. तसनीम समाचार एजेंसी के अनुसार, "झटका इतना तेज था कि बंदरगाह की ज्यादातर इमारतों को नुकसान पहुंचा है."
नेशनल ईरानियन ऑयल प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने कहा कि इस विस्फोट का तेल रिफाइनरियों, ईंधन टैंकों, वितरण केंद्रों या तेल पाइपलाइनों से कोई संबंध नहीं है. कंपनी ने यह भी कहा कि "बंदर अब्बास की तेल सुविधाएं बिना किसी बाधा के कार्य कर रही हैं."
यह विस्फोट ऐसे समय पर हुआ है जब ओमान में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधि तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत कर रहे हैं और अमेरिका ने कुछ ही समय पहल ईरान को धमकी दी थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 26, 2025 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

