विदेश

होर्मुज से गुजरने के लिए ईरान को कतई पैसा ना दें: अमेरिका

अमेरिका ने शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट से जहाज निकालने के लिए ईरान को पैसा दिया तो सख्त पाबंदियां लगाई जाएंगी.

होर्मुज से गुजरने के लिए ईरान को कतई पैसा ना दें: अमेरिका
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

अमेरिका ने शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट से जहाज निकालने के लिए ईरान को पैसा दिया तो सख्त पाबंदियां लगाई जाएंगी. इस बीच ट्रंप ने ईरान की ओर से आए हालिया शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया है.अमेरिका ने शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने के लिए अगर ईरान को भुगतान किया गया तो उन्हें पाबंदियों का सामना करना पड़ सकता है. अमेरिका के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (ओएफएसी) ने शुक्रवार, 1 मई को यह अलर्ट जारी किया है. होर्मुज जलडमरूमध्य के नियंत्रण को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध जारी है. आम स्थितियों में दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा इसी महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजरता है.

28 फरवरी को अमेरिका और इस्राएल ने ईरान पर हमला किया था. इसके बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे जहाजों पर हमला करके और हमले की धमकी देकर इस जलमार्ग को सामान्य यातायात के लिए बंद कर दिया. कुछ दिनों बाद ईरान ने कुछ जहाजों को अपने तट के करीब वैकल्पिक रास्तों से मोड़कर सुरक्षित रास्ता देना शुरू कर दिया. और कभी-कभी रास्ता देने के लिए शुल्क भी लगाया. अमेरिका इसी "टोलबूथ" को रोकना चाहता है और इसलिए अमेरिकी पाबंदियों की चेतावनी दी गई है.

लगभग हर तरीके के भुगतान पर अमेरिका की पाबंदी

ओएफएसी ने कहा कि भुगतान की मांगों में न केवल नकद बल्कि "डिजिटल संपत्ति, अनौपचारिक अदला-बदली, या फिर अन्य सामान देना" भी शामिल हो सकते हैं. अमेरिका ने इस सूची में दान किए पैसे और ईरानी दूतावासों में किए गए भुगतान को भी शामिल किया है.

ईरानी कार्रवाई का जवाब देने के लिए अमेरिका ने 13 अप्रैल को खुद की नौसैनिक नाकाबंदी कर दी, जिससे किसी भी ईरानी टैंकर को होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकलने से रोका गया. ईरान के पेट्रोलियम संसाधन, देश की अर्थव्यवस्था का बड़ा सहारा हैं और अमेरिका का मकसद इसी पर चोट करना है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि नाकाबंदी शुरू होने के बाद से 45 कमर्शियल जहाजों को वापस लौटने के लिए कहा गया है.

डॉनल्ड ट्रंप ने ठुकराया ईरान का प्रस्ताव

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के बीच युद्ध को खत्म करने के ईरान के ताजा प्रस्ताव को ठुकरा दिया है. डॉनल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को वाइट हाउस में कहा, "वे एक समझौता करना चाहते हैं. मैं इससे संतुष्ट नहीं हूं, इसलिए देखेंगे कि आगे क्या होता है." उन्होंने प्रस्ताव में क्या कमियां देखीं, इस पर विस्तार से बात नहीं की लेकिन ईरानी नेतृत्व के प्रति हताशा जरूर जताई.

पढ़ें: ट्रंप के दूत नहीं गए इस्लामाबाद, रद्द हुआ दौरा

डॉनल्ड ट्रंप ने कहा,"यह बहुत ही बिखरा हुआ नेतृत्व है. वे सभी समझौता करना चाहते हैं, लेकिन वे सब उलझे हुए हैं." ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने खबर दी है कि ईरान ने गुरुवार रात पाकिस्तान में मध्यस्थों को अपना नया प्रस्ताव सौंपा है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2026 02:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).