इस्राएल में मगरमच्छ करेंगे जेल की सुरक्षा!

इस्राएल में एक सरकारी फैसले के बाद अब मगरमच्छों का सुरक्षा उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल हो सकेगा.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

इस्राएल में एक सरकारी फैसले के बाद अब मगरमच्छों का सुरक्षा उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल हो सकेगा. बताया जाता है कि इस्राएली सुरक्षा मंत्री मगरमच्छों को उस जेल के चारों तरफ रखना चाहते हैं जहां हमास के चरमपंथी मौजूद हैं.इस्राएल की पर्यावरण संरक्षण मंत्री इदित सिलमान ने मगरमच्छों को एक नई श्रेणी में वर्गीकृत किया है. इस कदम से भविष्य में उन्हें सुरक्षा कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है जैसे कि जेलों की सुरक्षा में. रिपोर्टों के अनुसार इस्राएल के धुर दक्षिणपंथी नेता और राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर ने पिछले दिसंबर में सुझाव दिया था कि फलस्तीनी कैदियों को रखने वाली एक जेल के आसपास मगरमच्छों को तैनात किया जाए. यह ख्याल अमेरिका के फ्लोरिडा में गैरकानूनी प्रवासियों को रखने वाले केंद्र "एलिगेटर अलकाट्राज" से प्रेरित बताया जाता है.

"फिर से सोचिए"

नए वर्गीकरण के तहत नील के मगरमच्छों को अब "जंगली पशु" के बजाय "पाले गए जंगली पशु" की श्रेणी में रखा जाएगा. इस बदलाव से सरकारी सुरक्षा संस्थान पर्यावरणीय शर्तों और सरकारी अनुमति के अधीन सुरक्षा उद्देश्यों के लिए नील के मगरमच्छों रख पाएंगे. इन संस्थाओं में इस्राएली जेल सेवा भी शामिल है, जो बेन-ग्वीर के मंत्रालय के अधीन काम करती है.

इस्राएली मीडिया के अनुसार, बेन-ग्वीर दक्षिणी इस्राएल में केत्सियोट जेल की सुरक्षा के लिए मगरमच्छों को इस्तेमाल करना चाहते हैं. यह जेल मुख्य रूप से फलस्तीनी कैदियों को रखने के लिए जानी जाती है. गुरुवार को फेसबुक पर बेन-गविर ने लिखा, "क्या आप भागने की कोशिश करने की सोच रहे हैं? फिर से सोचिए." उन्होंने इस पोस्ट के साथ एआई से तैयार अपनी एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वे एक मगरमच्छ को पट्टे से पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं.

प्रस्ताव का विरोध

इस्राएल के चैनल 13 के अनुसार, जब बेन-ग्वीर ने पहली बार यह प्रस्ताव रखा था, तब इस्राएल नेचर एंड पार्क्स अथॉरिटी ने इसका विरोध किया था. अथॉरिटी का कहना था कि जंगली जानवरों को सिर्फ शोध और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए ही रखा जाना चाहिए. साथ ही उसने यह भी चेतावनी दी कि पहले भी प्रजनन केंद्रों से मगरमच्छों के भाग निकलने की घटनाएं हुई हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा पैदा हुआ था.

चैनल 13 की रिपोर्ट के अनुसार, जेल की सुरक्षा में मगरमच्छों को लगाने के विचार का इस्राएल प्रिजन सर्विस के कई अधिकारियों ने मजाक उड़ाया और इसे अव्यावहारिक बताया.

Share Now