Bolivia Plane Crash: बोलीविया में बड़ा हादसा, नोटों से भरा सैन्य विमान सड़क पर क्रैश होकर गिरा, 15 की मौत; चारों ओर बिखरे दिखे करेंसी ; VIDEO

बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास वायुसेना का एक मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. नए नोटों की खेप ले जा रहे इस विमान के क्रैश होने से 15 लोगों की मौत हो गई और सड़कों पर नोट बिखर गए.

Bolivia Plane Crash (Photo Credits:

Bolivia Plane Crash Video:  दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया में शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया. बोलिवियाई वायुसेना का एक 'हरक्यूलिस' (Hercules C-130) मालवाहक विमान एल ऑल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर एक व्यस्त सड़क पर जा गिरा. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं. विमान सेंट्रल बैंक की नई छपी करेंसी (नोटों) को दूसरे शहरों में ले जा रहा था, जो क्रैश के बाद पूरे इलाके में बिखर गई.

रनवे से फिसलकर वाहनों से टकराया विमान

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब विमान एल ऑल्टो एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था. खराब मौसम के बीच विमान रनवे से फिसल गया और पास ही स्थित कोस्टानेरा एवेन्यू (Costanera Avenue) पर जा गिरा. विमान की चपेट में सड़क पर चल रहे करीब 15 वाहन आ गए. रक्षा मंत्री मार्सेलो सालिनास ने पुष्टि की है कि विमान में सवार चालक दल के अलावा सड़क पर मौजूद लोग भी इस हादसे का शिकार हुए हैं. यह भी पढ़े:  Baramati Plane Crash: एएआईबी ने अजित पवार के विमान हादसे की जांच तेज की, बुधवार को हुआ था बारामती हवाई अड्डे के पास विमान दुर्घटना

बोलीविया में बड़ा हादसा

सड़क पर बिखरे नोट और मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में विचलित करने वाले दृश्य देखे गए. विमान के मलबे के साथ-साथ सड़क पर भारी मात्रा में नए बैंक नोट बिखरे नजर आए. इस दौरान कई स्थानीय लोग मलबे के बीच से नोट इकट्ठा करने के लिए दौड़ पड़े. भीड़ को नियंत्रित करने और लूटपाट रोकने के लिए दंगा नियंत्रण पुलिस को तैनात करना पड़ा, जिन्होंने भीड़ को हटाने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया.

राहत कार्य और जांच जारी

दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर ने बताया कि कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. विमान सांता क्रूज शहर से उड़ान भरकर ला पाज पहुंचा था. हादसे के तुरंत बाद एल ऑल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया और सभी उड़ानों को रद्द या डायवर्ट कर दिया गया है.

जांच के घेरे में सुरक्षा मानक

बोलिवियाई वायुसेना और नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय टीम गठित की है. शुरुआती तौर पर खराब मौसम और तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है. सेंट्रल बैंक ने अभी तक विमान में मौजूद कुल नकदी के मूल्य का खुलासा नहीं किया है, लेकिन सेना ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है ताकि बिखरी हुई मुद्रा को सुरक्षित किया जा सके.

Share Now

\