विदेश

अमेरिका ने बताया, मिल गया ईरान में गुम हुआ F-15 का क्रू मेंबर

राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन को अमेरिकी इतिहास के सबसे जाबांज अभियानों में गिनाया.

अमेरिका ने बताया, मिल गया ईरान में गुम हुआ F-15 का क्रू मेंबर
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन को अमेरिकी इतिहास के सबसे जाबांज अभियानों में गिनाया. वहीं, ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने सर्च ऑपरेशन में शामिल तीन अमेरिकी विमानों को नष्ट कर दिया है.राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि अमेरिका ने अपने F-15E स्ट्राइक ईगल के उड़ानकर्मी को ईरान से रेस्क्यू कर लिया. जवाब में ईरान का भी एक विरोधाभासी दावा आया है, जिसमें अमेरिकी सेना के रेस्क्यू ऑपरेशन को असफल बताया गया है.

ईरानी सेना के मुताबिक, उसने लापता अमेरिकी उड़ानकर्मी की तलाश में शामिल अमेरिका के तीन विमानों को नष्ट कर दिया है. समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, इस संबंध में ईरानी मिलिट्री के सेंट्रल कमांड खातम अल-अनबिया ने कहा, "दक्षिणी इसफहान में, बिना अधिकार घुस आए दो ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों और एक C-130 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट समेत दुश्मन के विमानों पर वार किया और वे अब जल रहे हैं."

गुमशुदा पायलट की तलाश के लिए ईरान और अमेरिका की होड़

यह सैन्यकर्मी 3 अप्रैल से गुमशुदा था. एक सोशल पोस्ट में ट्रंप ने क्रू सदस्य की रैंक कर्नल बताई. पोस्ट के मुताबिक, उड़ानकर्मी पहाड़ी इलाके में छिपा रहा और उसे सुरक्षित निकालने के अभियान में "दर्जनों विमान" शामिल थे. ट्रंप ने लिखा, "यह बहादुर योद्धा दुश्मन के इलाके में, ईरान के खतरनाक पहाड़ में था. हमारे दुश्मन उसे खोज रहे थे. वो हर घंटे करीब, और करीब बढ़ते जा रहे थे."

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि उनके निर्देश पर सैन्यकर्मी को निकालने के लिए अमेरिकी सेना के दर्जनों विमान भेजे और इस अभियान के दौरान "एक भी अमेरिकी" नहीं मारा गया. अपने लंबे पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, "हमें वो मिल गया! मेरे साथी अमेरिकियों, बीते कई घंटों में संयुक्त राज्य अमेरिका की सेना ने अमेरिकी इतिहास के सबसे जाबांज खोज और बचाव अभियानों में से एक को पूरा किया. हमारे एक असाधारण क्रू मेंबर ऑफिसर के लिए, जो कि काफी सम्मानित कर्नल भी हैं, और आपको यह बताते हुए मैं रोमांचित हूं कि वह सुरक्षित और स्वस्थ हैं!"

एएफपी ने ईरान की सरकारी मीडिया पर दिखाई जा रही खबरों के हवाले से बताया है कि दक्षिणपश्चिम ईरान में बचाव अभियान के दौरान किए गए हमलों में पांच लोग मारे गए. यह स्पष्ट नहीं है कि मारे गए लोग आम नागरिक थे या सैन्यकर्मी. 4 अप्रैल से ही देश की मीडिया लापता अमेरिकी उड़ानकर्मी की तलाश में जुटे स्थानीय लोगों की फुटेज दिखा रही थी. कुछ लोग झंडे और राइफल के साथ दिख रहे थे. प्रशासन ने अमेरिकी क्रू मेंबर को खोजने पर इनाम देने की घोषणा की थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2026 08:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).