Attack On Hindu Students in PAK: लाहौर के बाद अब कराची में होली मना रहे हिंदू छात्रों पर हमला
हमले के दौरान हिंदू समुदाय के कम से कम 15 छात्र घायल हो गए, जिसके खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए पुलिस में एक आवेदन दायर किया गया है.
नई दिल्ली, 7 मार्च: कराची विश्वविद्यालय का छात्र संगठन इस्लामी जमीयत-ए-तलबा (आईजेटी) मंगलवार को हिंदू छात्रों को कथित रूप से पीटने और उन्हें होली मनाने से रोकने के लिए आलोचनाओं के घेरे में आ गया है. द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, होली उत्सव आयोजित करने वाले छात्रों ने कहा कि वे सिंधी विभाग से संबंधित हैं और उनके द्वारा आयोजित उत्सव के लिए उन्हें प्रताड़ित किया गया.
एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया कि जब हम होली मना रहे थे, तब जमीयत के कई लड़के आए और हमें रोका. उन्होंने हमें और अन्य छात्रों को पीटा. द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एक छात्रा ने एक वीडियो बयान में इस बयान की पुष्टि करते हुए कहा कि जब वह और उसके क्लासमेट होली मना रहे थे, तब आईजेटी के सदस्य आए और उन्हें परेशान किया और पुरुष छात्रों की पिटाई की.
इसके अलावा सिंध विश्वविद्यालय के मंत्री इस्माइल राहु ने घटना का संज्ञान लिया और कराची विश्वविद्यालय के कुलपति खालिद महमूद इराकी को मामले की जांच करने का निर्देश दिया. इस्माइल ने कहा, विश्वविद्यालय प्रशासन को जांच करनी चाहिए और एक विस्तृत रिपोर्ट पेश करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि हिंदू छात्रों को विश्वविद्यालय में अपने त्योहार मनाने की पूरी अनुमति है और कोई भी उन्हें रोक नहीं सकता है. आगे कहा कि हमारा धर्म और कानून सभी धर्मों और विश्वासों का सम्मान करना सिखाता है और लोगों को अपने त्योहार मनाने की पूरी आजादी देता है.
हालांकि, आईजेटी ने दावा किया कि उसका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है. आईजेटी के प्रवक्ता बासिक नईम ने जियो न्यूज को बताया कि छात्रों की पिटाई में छात्र संगठन शामिल नहीं था. उन्होंने कहा, 'हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं.
डॉन की खबर के मुताबिक, इससे पहले सोशल मीडिया पर वायरल कई वीडियो में दिखाया गया था कि लाहौर में पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में होली मनाने के लिए हिंदू समुदाय के छात्रों की पिटाई की जा रही है.
हमले के दौरान हिंदू समुदाय के कम से कम 15 छात्र घायल हो गए, जिसके खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए पुलिस में एक आवेदन दायर किया गया है.
आईजेटी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पंजाब विश्वविद्यालय के नए परिसर में छात्रों की एक सभा पर कथित तौर पर हमला किया, जब वे प्रशासन की अनुमति से होली मना रहे थे.
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ अन्य वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि सुरक्षा गार्ड डंडों से छात्रों को पीट रहे थे, जिन्हें घटनास्थल से भागते हुए देखा गया था.
सिंध परिषद के महासचिव काशिफ ब्रोही ने कहा कि हिंदू समुदाय और परिषद के सदस्यों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुमति लेकर होली का आयोजन किया था.
उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा अपने फेसबुक पेज पर होली मनाने का निमंत्रण पोस्ट करने के बाद आईजेटी कार्यकर्ताओं ने धमकी देना शुरू कर दिया.
डॉन रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह सिंध काउंसिल के सदस्य और हिंदू समुदाय होली मनाने के लिए पीयू लॉ कॉलेज के बाहर इकट्ठा हुए थे, तभी आईजेटी कार्यकर्ताओं ने बंदूक और डंडों से हमला कर दिया. ब्रोही ने कहा कि झड़प के दौरान हिंदू समुदाय और सिंध काउंसिल के 15 छात्रों को चोटें आईं.
उन्होंने कहा कि बाद में छात्र कुलपति के कार्यालय के बाहर विरोध करने के लिए एकत्र हुए तो सुरक्षा गार्ड डंडे लेकर वहां आए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया.
डॉन रिपोर्ट के अनुसार, ब्रोही ने कहा कि सुरक्षा गाडरें ने भी चार से पांच छात्रों को अपनी वैन में बिठाया और उन्हें अपना शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करने की अनुमति नहीं दी.
हालांकि, आईजेटी के प्रवक्ता इब्राहिम शाहिद ने डॉन को बताया कि उन्होंने हिंदू समुदाय के सदस्यों को होली मनाने से नहीं रोका. पंजाब विश्वविद्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों पर हमले में शामिल छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हिंदू समुदाय के सदस्यों को एक हॉल में होली मनाने की अनुमति दी थी, लेकिन वे खुले में गतिविधि कर रहे थे और सुरक्षा गार्ड इसे रोकने के लिए वहां आए. उन्होंने कहा कि छात्रों को हॉल से बाहर होली मनाने की अनुमति नहीं थी.
प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा कर्मचारियों ने छात्रों पर हमला नहीं किया, लेकिन वे युवाओं को वीसी कार्यालय आने से रोकने की कोशिश कर रहे थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 07, 2023 10:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

