सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत 21 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान PM शहबाज शरीफ से की अपील, इमरान खान के लिए मांगा मानवीय व्यवहार
पत्र के अंत में सभी पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से आग्रह किया कि इमरान खान के साथ गरिमा और मानवीय संवेदनाओं के अनुरूप व्यवहार किया जाए. उनका कहना है कि यह अपील किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि क्रिकेट में उनके योगदान और एक पूर्व साथी खिलाड़ी के प्रति सम्मान के कारण की गई है.
Sunil Gavaskar, Kapil Dev Among 21 Former International Cricket Captains Urge Pakistan PM Shehbaz Sharif for 'Humane Treatment' of Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान (Imran Khan) की सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत ने एक बार फिर चिंता जताई है. भारत के दिग्गज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) और कपिल देव (Kapil Dev) समेत दुनिया के 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) को खुला पत्र लिखकर इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार और उचित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने की अपील की है. इमरान खान पिछले तीन वर्षों से हिरासत में हैं और हाल ही में उनकी मेडिकल जांच को लेकर उठे सवालों के बाद यह अपील दोबारा की गई है. यह भी पढ़ें: SC On Imran Khan: इमरान खान को पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने के आदेश
करीब छह महीने पहले 14 पूर्व कप्तानों ने भी इसी मुद्दे पर पाकिस्तान सरकार से अपील की थी. अब सात और पूर्व कप्तानों के जुड़ने के बाद कुल 21 दिग्गज क्रिकेटरों ने साझा पत्र जारी कर इमरान खान के स्वास्थ्य और उनके साथ किए जा रहे व्यवहार पर चिंता जताई है.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का किया जिक्र
पूर्व कप्तानों ने अपने पत्र में कहा कि पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की मेडिकल जांच के लिए उन्हें अस्पताल भेजने और उनके निजी डॉक्टरों व बहन डॉ. उज्मा खान को मेडिकल बोर्ड में शामिल करने का निर्देश दिया था. साथ ही परिवार से साप्ताहिक मुलाकात की भी अनुमति दी गई थी. हालांकि पत्र में दावा किया गया कि इमरान खान को केवल कुछ घंटों के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां राज्य द्वारा नियुक्त मेडिकल टीम ने उनकी जांच की और उन्हें "मेडिकली फिट" घोषित कर दोबारा अदियाला जेल भेज दिया गया.
पूर्व कप्तानों ने दोबारा उठाई आवाज
पत्र में पूर्व कप्तानों ने लिखा कि उन्होंने यह अपील किसी राजनीतिक कारण से नहीं, बल्कि क्रिकेट के मैदान पर वर्षों तक साथ खेलने और प्रतिद्वंद्वी रहने के नाते की है. उनका कहना है कि क्रिकेट का रिश्ता सीमाओं और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर है और इसी भावना से वे इमरान खान के लिए सम्मानजनक और मानवीय व्यवहार की मांग कर रहे हैं.
नौ देशों के दिग्गज कप्तान हुए शामिल
इस खुले पत्र पर भारत के सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर के अलावा ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, एडम गिलक्रिस्ट, स्टीफन वॉ, इंग्लैंड के एलेस्टेयर कुक, एंड्रयू स्ट्रॉस, डेविड गॉवर, माइकल अथरटन, नासिर हुसैन, माइकल ब्रेयरली, वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड, श्रीलंका के अर्जुना रणतुंगा, न्यूजीलैंड के जॉन राइट और ली जर्मन समेत कुल 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं.
इमरान खान की सेहत को लेकर बनी हुई है चिंता
1992 में पाकिस्तान को पहला वनडे विश्व कप जिताने वाले इमरान खान अगस्त 2023 से विभिन्न मामलों में हिरासत में हैं. उनकी पार्टी और वकील लगातार उनकी सेहत को लेकर चिंता जताते रहे हैं. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उन्हें इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाया गया था, लेकिन पूर्व कप्तानों का कहना है कि उनकी मेडिकल जांच पूरी पारदर्शिता और अदालत के निर्देशों के अनुसार नहीं हुई.
क्रिकेट जगत ने की मानवीय व्यवहार की अपील
पत्र के अंत में सभी पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से आग्रह किया कि इमरान खान के साथ गरिमा और मानवीय संवेदनाओं के अनुरूप व्यवहार किया जाए. उनका कहना है कि यह अपील किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि क्रिकेट में उनके योगदान और एक पूर्व साथी खिलाड़ी के प्रति सम्मान के कारण की गई है.