एशियाई एथलेटिक्स: 1500 मी. में पीयू चित्रा ने जीता स्वर्ण, अजय कुमार सरोज को मिला रजत पदक
एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की महिला धावक पीयू चित्रा ने यहां जारी 23वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में बुधवार को स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि पुरुषों के 1500 मीटर रेस में अजय कुमार सरोज को रजत पदक मिला.
एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की महिला धावक पीयू चित्रा ने यहां जारी 23वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में बुधवार को स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि पुरुषों के 1500 मीटर रेस में अजय कुमार सरोज को रजत पदक मिला. 23 वर्षीय चित्रा ने यहां खलीफा स्टेडियम में महिलाओं की 1500 मीटर रेस में 4:14.56 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया. चित्रा ने 2017 में भुवनेश्व में हुई एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था.
23वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत का यह तीसरा स्वर्ण पदक है. चित्रा ने इस जीत के बाद कहा, "बहरीन की धावक (गैसहॉव टिगेस्ट) के बगल में होने से अंत में थोड़ा घबरा गई थी. उन्होंने एशियाई खेलों में मुझे तीसरे स्थान पर हराया था. मुझे वास्तव में अंत में कड़ी मेहनत करनी पड़ी." इस बीच, पुरुषों के 1500 मीटर रेस में अजय कुमार सरोज ने 3:43.18 की सीजन की अपनी सर्वश्रेष्ठ समय के साथ रजत पदक जीत लिया.
यह भी पढ़ें- डेढ़ साल बाद फिर ओलंपिक में खेलना चाहती हैं शुएरुई, लंदन ओलंपिक 2016 की थीं स्वर्ण पदक विजेता
वहीं, एशियाई खेलों में दो पदक जीतने वाले दुती चंद महिलाओं की 200 मीटर रेस में 23.24 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया. उनका सीजन का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है लेकिन वह विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई करने से चूक गईं. प्रतियोगिता में भारत का यह 14वां पदक है.
दुती ने पदक जीतने के बाद कहा, "वास्तव में मैं बहुत खुश हूं. मैं 100 मीटर में पदक जीतने से चूक गई थीं लेकिन मैंने काफी प्रयास किया था. 200 मीटर में पदक जीतने को लेकर मैं ज्यादा आश्वस्त नहीं थी. मैंने सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और मैं इससे खुश हूं."
यह भी पढ़ें- रजत पदक विजेता केली कैटलिन की मात्र 23 साल की उम्र में हुआ निधन, खेल समुदाय डूबा शोक में
इससे पहले, दुती ने चैम्पियनशिप के पहले दिन रविवार को महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में अपना ही रिकार्ड तोड़कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था. उन्होंने 11.28 सेकेंड के समय के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था और 100 मीटर की रेस के राउंड-1 के हीट-4 रेस जीती थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2019 10:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

