खेल

प्रो-कबड्डी लीग: 5 अक्टूबर की बजाए अब इस तारीख से शुरू होगा छठा सीजन

प्रो-कबड्डी लीग की सबसे सफल टीम पटना पाइरेट्स इस बार अपने सभी घरेलू मुकाबले पटना में खेलेगी. पिछले संस्करण में पटना ने अपने घरेलू मैच रांची में खेले थे.

प्रो-कबड्डी लीग: 5 अक्टूबर की बजाए अब इस तारीख से शुरू होगा छठा सीजन
प्रो-कबड्डी लीग (Photo Credit- IANS)

नई दिल्ली. प्रो-कबड्डी लीग के छठे सीजन का आगाज सात अक्टूबर को चेन्नई में होगा. पहले टूर्नामेंट का आगाज पांच अक्टूबर से होना था लेकिन कुछ कारणों से अब लीग दो दिन की देरी से शुरू होगी. नई तारीख के साथ लीग के आयोजक मशाल स्पोर्ट्स ने इसके कार्यक्रम की घोषणा की। पिछले संस्करण की तुलना में इस साल कुछ आयोजन स्थलों में बदलाव किए गए हैं. टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में घरेलू टीम तमिल थलाइवाज का मुकाबला मौजूदा चैम्पियन पटना पाइरेट्स से होगा.

टूर्नामेंट मे कुल 12 टीमें इस प्रतिष्ठित खिताब के लिए एक-दूसरे से जद्दोजहद करेगी. प्लेऑफ मुकाबले कोच्चि और मुंबई में खेले जाएंगे. फाइनल मुकाबला पांच जनवरी को मुम्बई में होगा. लीग में हालांकि, कोच्चि स्थित कोई भी टीम हिस्सा नहीं ले रही है.

प्रो-कबड्डी लीग की सबसे सफल टीम पटना पाइरेट्स इस बार अपने सभी घरेलू मुकाबले पटना में खेलेगी. पिछले संस्करण में पटना ने अपने घरेलू मैच रांची में खेले थे.

पटना लीग की मौजूदा चैम्पियन होने के साथ लगातार तीन बार खिताब अपने नाम करने का कीर्तिमान भी स्थापित कर चुकी है.पटना के अलावा जयपुर पिंक पैंथर्स और यू मुंबा भी एक-एक बार खिताब जीत चुकी हैं.

पांचवें संस्करण में लीग का हिस्सा बनी यूपी योद्धा की टीम आगामी सीजन में अपने मुकाबले लखनऊ की बजाय ग्रेटर नोएडा में खेलेगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 17, 2018 08:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).