खेल

प्रो कबड्डी लीग: पुनेरी पल्टन ने लगाई जीत की हैट्रिक, बेंगलुरु बुल्स की पहली हार

पुनेरी पल्टन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के 28वें मैच में रविवार को बेंगलुरु बुल्स को एक रोमांचक मैच में 27-25 से पराजित कर दिया.

प्रो कबड्डी लीग: पुनेरी पल्टन ने लगाई जीत की हैट्रिक, बेंगलुरु बुल्स की पहली हार
पुणेरी पल्टन (Photo Credit: Twitter)

पुणे: पुनेरी पल्टन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के 28वें मैच में रविवार को बेंगलुरु बुल्स को एक रोमांचक मैच में 27-25 से पराजित कर दिया. पुनेरी की आठ मैचों में यह लगातार तीसरी और कुल पांचवीं जीत है. पुनेरी के अब उसके 30 अंक हो गए हैं और वह जोन-ए में पहले नंबर पर मौजूद है. वहीं, बेंगलुरु को तीन मैचों में यह पहली हार का सामना करना पड़ा है.

पुनेरी की टीम ने पहले हाफ में 13-10 की बढ़त हासिल कर ली थी. लेकिन बेंगलुरु ने दूसरे हाफ में अच्छी वापसी की और एक समय स्कोर 25-25 से बराबरी पर ला दिया था, लेकिन पुनेरी ने लगातार अंक लेकर 27-25 से मुकाबला जीत लिया.

पुनेरी के लिए स्थानापन्न खिलाड़ी अक्षय जाधव ने पांच, मोनू ने चार तथा नितिन तोमर, रवि कुमार और शुभम शिंदे ने तीन-तीन अंक अर्जित किए. टीम ने रेड से 12, टैकल से 10 और पांच अतिरिक्त अंक भी हासिल किए.

बेंगलुरु के लिए काशीलिंग अदाके ने आठ, पवन सहरावत ने छह और रोहित कुमार तथा संदीप ने तीन-तीन अंक जुटाए। बेंगलुरु ने रेड से 13, टैकल से 10 और आलआउट से दो अंक लिए.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 22, 2018 09:23 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).