क्रिकेट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा गौतम गंभीर के नाम पत्र, बीजेपी में शामिल होने की बढ़ी अटकलें

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज गौतम गंभीर की क्रिकेट के प्रति योगदान और समाज में 'कम वंचित लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने' की कोशिश के लिए पत्र लिखकर जमकर सराहना की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा गौतम गंभीर के नाम पत्र, बीजेपी में शामिल होने की बढ़ी अटकलें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गौतम गंभीर: (Photo Credit: IANS & Getty Images)

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की क्रिकेट के प्रति योगदान और समाज में 'कम वंचित लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने' की कोशिश के लिए पत्र लिखकर जमकर सराहना की. लिखे हुए पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने T20 विश्व कप 2007 और 2011 ICC वर्ल्ड कप में भारत को चैम्पियन बनाने में गौतम गंभीर के योगदान का विशेष उल्लेख किया. मोदी ने गौतम गंभीर के खेल के प्रति जूनून की तारीफ की उन्होंने कहा, 'मुझे यकीन है कि अपकी यात्रा उतार-चढ़ाव से भरी रही होगी लेकिन आपने समर्पण और दृढ़ता से देश के लिए खेलना सुनिश्चित किया. आप कम समय में ही एक भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज के रूप में उभरे, जो अक्सर टीम को शानदार शुरुआत दिलाता था.'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पत्र की शुरुआती लाइनों में कहा, 'मैं भारतीय खेलों में आपके योगदान के लिए बधाई देने के साथ शुरुआत करना चहूंगा. आपके यादगार प्रदर्शनों के लिए भारत हमेशा आभारी रहेगा. इसमें कई ऐसे प्रदर्शन थे, जिसने देश को ऐतिहासिक जीत दिलाई.' इसपर जवाब देते हुए गौतम गंभीर ने प्रधानमंत्री के इस पत्र को अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए लिखा, 'इन शब्दों के लिए शुक्रिया. यह देशवासियों के समर्थन और प्यार के बिना संभव नहीं होता. मेरी सभी उपलब्धि देश के नाम.' बता दें कि गंभीर ने इस पोस्ट में नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री कार्यालय को भी टैग किया.

ऐसे में एक बार फिर से राजनैतिक गलियारों में कयास बढ़ गए है की क्या गौतम गंभीर बीजेपी का दामन पकड़ेंगे. ज्ञात हो कि गौतम गंभीर ने कुछ दिनों पहले ही साफ़ कर दिया था कि वह राजनीति में नही आएंगे. बता दें कि गंभीर ने 58 टेस्ट मैचों में 41.96 की औसत से 4154 रन बनाये जिसमें नौ शतकीय पारी शामिल है. उन्होंने 147 एकदिवसीय मैचों में 39.68 की औसत और 11 शतकीय पारियों की मदद से 5238 रन बनाये. गंभीर से टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी अपनी छाप छोड़ी. उन्होंने 37 मैच में सात अर्धशतक की मदद से 932 रन बनाये जिसमें उनका औसत 27.41 का था.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 17, 2018 11:09 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).