क्रिकेट

मोइन अली ने आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पर लगाया गंभीर आरोप, कहा- 2015 में मुझे बोला था आतंकी ओसामा

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी मोइन अली का कहना है कि वर्ष 2015 में हुए एशेज सीरीज के दौरान आस्ट्रेलिया के एक खिलाड़ी ने उन्हें 'ओसामा' कहकर बुलाया.

मोइन अली ने आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पर लगाया गंभीर आरोप, कहा- 2015 में मुझे बोला था आतंकी ओसामा
मोइन अली (Photo credit-twitter)

लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी मोइन अली का कहना है कि वर्ष 2015 में हुए एशेज सीरीज के दौरान आस्ट्रेलिया के एक खिलाड़ी ने उन्हें 'ओसामा' कहकर बुलाया. अली ने दावा किया कि कार्डिफ में हुए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की जिससे वह बहुत परेशान हुए. अली ने उस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 77 रन बनाए और पांच विकेट लेकर मेजबान टीम को 169 रनों से जीत दिलाई.

'क्रिकइंफो' ने अली के हवाले से बताया, "व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर मेरे लिए वह एशेज सीरीज शानदार रही. एक घटना हालांकि, ऐसी हुई जिसने मेरा ध्यान भटकाया. मैच के दौरान मैदान पर एक आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मेरी तरफ मुड़ा और बोला 'टेक दैट ओसामा'. मैंने जो सुना उस पर मुझे यकीन नहीं हुआ, मैं गुस्से से लाल हो गया. इससे पहले मुझे मैदान पर इतना गुस्सा कभी नहीं आया."

अली ने कहा, "मैंने अपनी टीम के कई साथियों को बताया और मैं समझता हूं कि कोच ट्रेवर बेलिस ने आस्ट्रेलियाई समकक्ष डरेन लेहमन के सामने यह मुद्दा उठाया होगा. लेहमन ने आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी से जब इस बारे में पूछा तो उसने यह कहते हुए मना कर दिया कि उसने मुझे 'टेक दैट पार्ट-टाइमर' कहकर बुलाया. मुझे यह सुनकर अचंभा हुआ लेकिन आपको खिलाड़ी की बात माननी होती है लेकिन मैं पूरे मैच के दौरान गुस्से में था."

इंग्लैंड ने 2015 एशेज सीरीज को 3-2 से जीता था.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2018 02:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).