क्रिकेट

इंग्लैंड में हारने के बाद रवि शास्त्री ने बीसीसीआई से की ये बड़ी मांग

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि टीम प्रबंधन ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले अधिक से अधिक अभ्यास मैच आयोजित कराने का बीसीसीआई से आग्रह किया है.

इंग्लैंड में हारने के बाद रवि शास्त्री ने बीसीसीआई से की ये बड़ी मांग
रवि शास्त्री ( प्रतीकात्मक तस्वीर ट्विटर )

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि टीम प्रबंधन ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले अधिक से अधिक अभ्यास मैच आयोजित कराने का बीसीसीआई से आग्रह किया है. भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले वहां पर एसेक्स के खिलाफ केवल एक ही अभ्यास मैच खेला था. इसके बाद टेस्ट सीरीज में उसे इंग्लैंड के हाथों 1-4 की शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी.

शास्त्री ने क्रिकइंफो को दिए साक्षात्कार में कहा कि वह सकारात्मक सोच के साथ इंग्लैंड से रवाना हो रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि सीरीज 1-4 से हारने के बाद इसकी समीक्षा को लेकर बोर्ड की तरफ से उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है.

टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले ही भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि वह ज्यादा अभ्यास मैचों के पक्ष में नहीं हैं. हालांकि शास्त्री का कहना है कि उन्होंने कभी अभ्यास मैचों का विरोध नहीं किया है.

भारतीय कोच ने कहा, "आस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले हमने अधिक से अधिक अभ्यास मैच आयोजित कराने का बोर्ड से अनुरोध किया है. लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वहां पर इसके लिए जगह है. यह एक सवाल है."

भारतीय टीम 21 नवंबर से शुरू होने वाले तीन मैचों की टी-20 सीरीज से आस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत करेगी. इसके 10 दिन बाद से ही उसे टेस्ट मैच खेलने हैं.

शास्त्री ने कहा, "टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले हम तीन या चार दिवसीय दो मैच खेलना चाहते हैं. लेकिन क्या आपके पास समय है? उदाहरण के लिए, टेस्ट सीरीज से पहले हमें वहां पर टी-20 सीरीज खेलना है. टेस्ट मैच शुरू होने से पहले 10 दिन का अंतराल है. ये कुछ चीजें हैं जिन्हें पहले ही मंजूरी दे दी गई है और यह हमारे नियंत्रण में नहीं है."

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 14, 2018 08:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).