IND vs ENG ODI Series 2026: टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच इस दिन से होगी वनडे सीरीज की जंग, जानें शेड्यूल, स्क्वाड और हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत बनाम इंग्लैंड (Photo Credit: X Formerly Twitter)

India National Cricket Team vs England National Cricket Team ODI Series 2026 Details: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम इंग्लैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार यानी 14 जुलाई को खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बर्मिंघम (Birmingham) के एजबेस्टन (Edgbaston) में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा. दोनों टीमों ने इस बहुप्रतीक्षित सीरीज के लिए अपने-अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है. शुभमन गिल (Shubman Gill) की कप्तानी में टीम इंडिया एक बार फिर इंग्लैंड को उसके घर में चुनौती देने उतरेगी. वहीं हैरी ब्रूक (Harry Brook) इंग्लैंड की कमान संभालेंगे. इस सीरीज में रोहित शर्मा (Rohit Sharma), विराट कोहली (Virat Kohli) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) जैसे स्टार खिलाड़ियों की वापसी से मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है. यह भी पढ़ें: Virat Kohli ODI Stats against England: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं विराट कोहली का प्रदर्शन, यहां देखें 'रन मशीन' का प्रदर्शन

टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच मौजूदा पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 11 जुलाई को साउथम्प्टन में खेला गया. इसके बाद दोनों टीमें वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी. इस सीरीज में टीम इंडिया की नजर इंग्लैंड के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत करने पर होगी, जबकि मेजबान टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर वापसी करना चाहेगी.

जसप्रीत बुमराह की वापसी, हार्दिक पांड्या अब भी बाहर

टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी है. बुमराह ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में खेला था. वहीं युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को एक बार फिर टीम में जगह नहीं मिली है. दूसरी ओर स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आईपीएल 2026 के दौरान लगी चोट से पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं, जिसके कारण उन्हें इस सीरीज से भी बाहर रखा गया है. उधर इंग्लैंड ने इस वनडे सीरीज के लिए जेम्स कोल्स को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया है. जबकि ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, जेमी ओवरटन और ल्यूक वुड को स्क्वाड में जगह नहीं मिली है.

वनडे सीरीज का पूरा कार्यक्रम (IND vs ENG ODI Series Schedule)

पहला वनडे: 14 जुलाई, एजबेस्टन, बर्मिंघम

दूसरा वनडे: 16 जुलाई, सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ

तीसरा वनडे: 19 जुलाई, लॉर्ड्स, लंदन.

टीम इंडिया बनाम इंग्लैंड हेड टू हेड रिकॉर्ड (IND vs ENG ODI Head To Head)

वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 110 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान टीम इंडिया ने 61 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को 44 मुकाबलों में सफलता मिली है. तीन मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला, जबकि दो मुकाबले टाई रहे हैं. खास बात यह है कि दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले पांचों वनडे मुकाबलों में टीम इंडिया ने जीत हासिल की है. इंग्लैंड ने टीम इंडिया के खिलाफ आखिरी वनडे मुकाबला जुलाई 2022 में जीता था.

वनडे सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड

टीम इंडिया: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़.

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल रशीद, जो रूट और जोश टंग.

नोट: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम इंग्लैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के इस पांचवें टी20 मुकाबले का स्कोरकार्ड आप हमारी वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.