क्रिकेट

हैदराबाद टेस्ट: संकट में घिरी वेस्टइंडीज की टीम, 197 रनों पर गवाएं 6 विकेट

भारतीय गेंदबाजों ने यहां राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को वेस्टइंडीज को संकट में डाल दिया है.

हैदराबाद टेस्ट: संकट में घिरी वेस्टइंडीज की टीम, 197 रनों पर गवाएं 6 विकेट
भारतीय टीम (Photo Credit: PTI)

हैदराबाद: भारतीय गेंदबाजों ने यहां राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को वेस्टइंडीज को संकट में डाल दिया है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टंडीज ने चायकाल तक अपनी पहली पारी में 197 रनों पर ही अपने छह विकेट खो दिए हैं. दूसरे सत्र का खेल खत्म होने तक रोस्टन चेज 50 रन बनाकर नाबाद हैं. कप्तान जेसन होल्डर 10 रन बनाकर खेल रहे हैं.

पहले सत्र में 86 रनों पर ही अपने तीन विकेट खोने वाली विंडीज दूसरे सत्र में भी संभल नहीं पाई. उसने हालांकि इस सत्र में रन तो ज्यादा जोड़े, लेकिन विकेट बचा पाने में नाकामयाब रही. दूसरे सत्र में आने के कुछ देर बाद ही उसने शिमरोन हेटमायरे (12) का विकेट खो दिया जिन्हें कुलदीप यादव ने अपना शिकार बनाया. युवा बल्लेबाज सुनील अम्ब्रीस (18) भी एक बार फिर प्रभावित करने में असफल रहे और कुलदीप का शिकार हो गए.

चेज और शेन डॉवरिच (30) ने टीम के संभालने की कोशिश की. दोनों ने छठे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की. विकेट न मिलता देख भारतीय कप्तान विराट कोहली ने उमेश यादव को गेंद थमाई और उन्होंने डॉवरिच को पवेलियन भेज भारत को छठी सफलता दिलाई. चेज ने अभी तक अपनी पारी में 81 गेंदों का सामना किया है और चार चौकों के अलावा एक छक्का लगाया है.

इससे पहले, दिन के पहले सत्र में विंडीज को अच्छी शुरुआत मिलती दिख रही थी. क्रैग ब्रैथवेट (14) और केरन पावेल (22) की सलामी जोड़ी ने टीम के खाते में 32 रन डाल दिए थे, लेकिन रविचंद्रन अश्विन ने पावेल को आउट कर इस जोड़ी को ज्यादा आगे नहीं जाने दिया. 20 रन बाद ब्रैथवेट, कुलदीप की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए.

पहला सत्र खत्म होने से कुछ देर पहले शाई होप (36) को उमेश यादव ने अपना शिकार बनाया. भारत की तरफ से कुलदीप ने अभी तक तीन विकेट लिए हैं. उमेश यादव को दो और अश्विन को एक विकेट मिला. अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे शार्दूल ठाकुर 1.4 ओवर के बाद चोटिल होकर बाहर चले गए.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2018 02:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).