Asian Games 2026: सेमीफाइनल में हो सकती है भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत! क्रिकेट शेड्यूल जारी, जानें कब और कहां हो सकता है महामुकाबला

भारतीय टीम एशियन गेम्स में लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेगी. वहीं पाकिस्तान की नजर भी पहली बार क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीतने पर होगी. ऐसे में अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने आती हैं तो क्रिकेट फैंस को एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है.

भारत बनाम पाकिस्तान (Photo Credit: X Formerly Twitter)

India vs Pakistan Asian Games 2026 Schedule: भारतीय क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर गोल्ड मेडल बचाने के इरादे से उतरेगी. 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित बहु-खेल आयोजन के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता का शेड्यूल जारी हो चुका है. इसके साथ ही क्रिकेट फैंस की नजर भारत और पाकिस्तान के संभावित मुकाबले पर टिकी हुई है. हालांकि दोनों टीमों के बीच टक्कर तभी संभव होगी, जब वे अपने-अपने मुकाबले जीतकर एक ही चरण तक पहुंचें. यह भी पढ़ें: India vs Zimbabwe 2nd T20I Match Preview: हरारे में कल खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मुकाबला, मैच से पहले जानें हेड टू हेड, पिच रिपोर्ट, मिनी बैटल समेत सारे डिटेल्स

सेमीफाइनल में हो सकती है भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत

मेंस क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को टॉप-सीड टीमों के तौर पर सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है. ऐसे में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना फाइनल से पहले केवल सेमीफाइनल में ही हो सकता है. अगर दोनों टीमें अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबले जीतती हैं, तो उनकी भिड़ंत 1 अक्टूबर को खेले जाने वाले पहले सेमीफाइनल में देखने को मिल सकती है.

महिला क्रिकेट में फाइनल से पहले नहीं होगी टक्कर

महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग ब्रैकेट में रखा गया है. दोनों टीमें अपने-अपने क्वार्टरफाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले जीतने में सफल रहती हैं तो उनकी टक्कर सीधे 22 सितंबर को खेले जाने वाले गोल्ड मेडल मैच में हो सकती है. यानी महिला वर्ग में फाइनल से पहले भारत और पाकिस्तान का मुकाबला संभव नहीं है.

भारत के नाम हैं दो गोल्ड मेडल

क्रिकेट को पहली बार 2010 के एशियन गेम्स में शामिल किया गया था. भारत ने 2010 और 2014 एशियन गेम्स में क्रिकेट स्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया था, जबकि 2018 एशियन गेम्स में क्रिकेट को शामिल नहीं किया गया था. इसके बाद 2022 एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे. अब भारतीय टीम जापान में अपने खिताब का सफल बचाव करने के लक्ष्य के साथ उतरेगी.

गोल्ड मेडल बचाने उतरेगा भारत

भारतीय टीम एशियन गेम्स में लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेगी. वहीं पाकिस्तान की नजर भी पहली बार क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीतने पर होगी. ऐसे में अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने आती हैं तो क्रिकेट फैंस को एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है.

Share Now