Abhishek Sharma vs Rashid Khan T20 Stats: टी20 क्रिकेट में राशिद खान के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन, स्ट्राइक रेट जानकर रह जाएंगे हैरान
भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 32 गेंदों में 82 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 156 रनों का लक्ष्य महज 13.4 ओवर में हासिल कर लिया.
Abhishek Sharma vs Rashid Khan Stats: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी 15 सितंबर को खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दिल्ली (Delhi) के अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitley Stadium) में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. तीन मैचों की सीरीज में श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की कप्तानी वाली टीम इंडिया 1-0 से आगे है. पहले मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी. ऐसे में भारतीय टीम दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी. वहीं इब्राहिम जादरान (Ibrahim Zadran) की अगुवाई वाली अफगानिस्तान की टीम वापसी कर सीरीज बराबर करना चाहेगी. यह भी पढ़ें: India vs Afghanistan, 2nd T20I Match Delhi Weather Update: दिल्ली में बारिश बनेगी विलेन या फैंस उठाएंगे पूरे मुकाबले का लुत्फ? दूसरे टी20 से पहले जानें मौसम और पिच का हाल
भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 32 गेंदों में 82 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 156 रनों का लक्ष्य महज 13.4 ओवर में हासिल कर लिया. इस दौरान अभिषेक ने दुनिया के बेहतरीन टी20 स्पिनरों में शामिल राशिद खान के खिलाफ भी बेखौफ बल्लेबाजी की और एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
राशिद खान के खिलाफ अभिषेक शर्मा के आंकड़े चौंकाने वाले
टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का बल्ला राशिद खान के खिलाफ जमकर बोलता है. अब तक उन्होंने राशिद के खिलाफ 5 पारियों में 43 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 234.88 का रहा है और वह सिर्फ एक बार आउट हुए हैं. उन्होंने राशिद के खिलाफ 8 छक्के भी जड़े हैं. कम से कम 30 गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में टी20 क्रिकेट में राशिद खान के खिलाफ यह सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट है. पहले टी20 मुकाबले में भी अभिषेक ने राशिद की 7 गेंदों पर 19 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल था.
पहले टी20 में खेली मैच जिताऊ पारी
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए. उन्होंने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. नूर अहमद के एक ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर उन्होंने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया. ईशान किशन के साथ उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 121 रनों की शानदार साझेदारी की. अभिषेक ने 82 रन की पारी में 7 चौके और 7 छक्के लगाए.
6000 टी20 रन पूरे कर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस मुकाबले के दौरान अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में अपने 6000 रन भी पूरे किए. उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 3420 गेंदों में हासिल की, जो गेंदों के हिसाब से टी20 इतिहास की दूसरी सबसे तेज उपलब्धि है. इस सूची में न्यूजीलैंड के फिन एलन 3386 गेंदों के साथ पहले स्थान पर हैं. वहीं वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल (3550 गेंद) तीसरे और ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड (3681 गेंद) चौथे स्थान पर हैं.
ऐसा रहा है अभिषेक शर्मा का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर
अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए अब तक 57 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं. 56 पारियों में उन्होंने 2 बार नाबाद रहते हुए 31.68 की औसत और 189.68 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1711 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 135 रन है. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में खेली गई 82 रन की पारी उनके करियर की एक और यादगार पारी बन गई.