Bill Gates Affair Controversy: बिल गेट्स ने स्वीकार किए विवाहेतर संबंध, जेफ्री एपस्टीन जांच में हुआ बड़ा खुलासा
बिल गेट्स ने सुनवाई में दोहराया कि जेफ्री एपस्टीन के साथ संपर्क बनाए रखना उनकी एक बड़ी गलती थी. उन्होंने बताया कि चार वर्षों के दौरान उनकी एपस्टीन से 12 से 14 बार मुलाकात हुई थी. हालांकि उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका जेफ्री एपस्टीन के किसी भी आपराधिक कृत्य से कोई संबंध नहीं था और उस समय उन्हें महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ एपस्टीन द्वारा किए गए कथित अपराधों की जानकारी नहीं थी.
Bill Gates Extramarital Affairs Testimony: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (US House Oversight Committee) की एक बंद कमरे में हुई सुनवाई की ट्रांसक्रिप्ट सार्वजनिक होने के बाद बिल गेट्स ने पहली बार सार्वजनिक रूप से तीन विवाहेतर संबंधों (Extramarital Affairs) को स्वीकार किया है. यह गवाही 10 जून 2026 को दिवंगत यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन (Jeffrey Epstein) से जुड़े संबंधों और नेटवर्क की जांच के तहत दर्ज की गई थी. यह भी पढ़ें: Sachin Tendulkar And Bill Gates Video: सचिन तेंदुलकर ने बिल गेट्स के साथ 'क्रेनिस' खेला, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सुनवाई के दौरान बिल गेट्स ने उन तीन महिलाओं की पहचान की पुष्टि की, जिनके साथ उनके विवाहेतर संबंध रहे थे. इनमें रूसी ब्रिज खिलाड़ी मिला एंटोनोवा (Mila Antonova), रूसी परमाणु वैज्ञानिक करीमा निगमतुलिना (Karima Nigmatulina) और मेडिकल उद्यमी डॉ. एलिस जैकब्स नेसलरॉड (Dr Alice Jacobs Nesselrodt) शामिल हैं.
निजी रिश्तों को बताया व्यक्तिगत मामला
गेट्स ने समिति के सामने कहा कि उन्होंने 2013 से पहले अपनी तत्कालीन पत्नी मेलिंडा गेट्स को मिला एंटोनोवा और करीमा निगमतुलिना के साथ अपने संबंधों के बारे में जानकारी दे दी थी. वहीं डॉ. एलिस जैकब्स नेसलरॉड के साथ उनका संबंध वर्ष 2010 से पहले का था.
बिल गेट्स ने जोर देकर कहा कि इन रिश्तों का जेफ्री एपस्टीन के साथ उनके पेशेवर या सामाजिक संबंधों से कोई लेना-देना नहीं था. हालांकि जांचकर्ताओं ने इस पहलू पर सवाल उठाए कि क्या एपस्टीन को इन निजी संबंधों की जानकारी थी और क्या उसने इसका इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए करने की कोशिश की थी.
ब्लैकमेल की आशंका पर क्या बोले बिल गेट्स?
सुनवाई के दौरान समिति ने बिल गेट्स से उन आरोपों पर भी सवाल किए, जिनमें कहा गया था कि जेफ्री एपस्टीन ने उनके निजी जीवन से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल ब्लैकमेल करने के लिए करने की कोशिश की थी.
गेट्स ने कहा कि उन्हें कभी ब्लैकमेल नहीं किया गया, लेकिन उनका मानना है कि एपस्टीन ने ऐसा करने के बारे में जरूर सोचा था. उन्होंने बताया कि 2013 के एक ईमेल ड्राफ्ट में उनके और उनके पूर्व विज्ञान सलाहकार बोरिस निकोलिक (Boris Nikolic) से जुड़े कुछ आरोपों का उल्लेख था.
गेट्स के मुताबिक, उन्हें यह भी नहीं पता कि वह ईमेल वास्तव में कभी भेजा गया था या नहीं. उन्होंने कहा कि एपस्टीन अक्सर तथ्यों और झूठी जानकारियों को मिलाकर अपने हित साधने की कोशिश करता था.
STI से जुड़े आरोपों को किया खारिज
कांग्रेस की सुनवाई के दौरान बिल गेट्स से उन दस्तावेजों के बारे में भी पूछताछ की गई, जिनमें दावा किया गया था कि एक विवाहेतर संबंध के बाद उन्हें यौन संचारित संक्रमण (STI) की चिंता हुई थी.
गेट्स ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्हें कभी कोई STI नहीं हुआ और न ही उन्होंने किसी को गुप्त रूप से कोई दवा दी. हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कुछ चिंताओं पर बोरिस निकोलिक से चर्चा की हो सकती है.
एपस्टीन से संबंध रखना बताया 'गलती'
बिल गेट्स ने सुनवाई में दोहराया कि जेफ्री एपस्टीन के साथ संपर्क बनाए रखना उनकी एक बड़ी गलती थी. उन्होंने बताया कि चार वर्षों के दौरान उनकी एपस्टीन से 12 से 14 बार मुलाकात हुई थी. हालांकि उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका जेफ्री एपस्टीन के किसी भी आपराधिक कृत्य से कोई संबंध नहीं था और उस समय उन्हें महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ एपस्टीन द्वारा किए गए कथित अपराधों की जानकारी नहीं थी.