Air India Viral Video: फ्लाइट में फैला कचरा देख भड़की एयर होस्टेस, यात्रियों को सुनाई खरी-खोटी; वीडियो वायरल

वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने केबिन क्रू के समर्थन में प्रतिक्रिया दी और यात्रियों से जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की. वहीं कुछ यूजर्स का मानना था कि एयरलाइन को भी यात्रियों के लिए पर्याप्त कचरा निपटान सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए.

Air India Cabin Crew Viral Video: एयर इंडिया की एक फ्लाइट अटेंडेंट द्वारा शेयर किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में फ्लाइट के लैंड होने के बाद विमान के अंदर फैला भारी मात्रा में कचरा दिखाई दे रहा है. इस वीडियो को साझा करते हुए केबिन क्रू सदस्य वंशिका कटारिया ने यात्रियों की सफाई और शिष्टाचार को लेकर सवाल उठाए हैं. उनके इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. यह भी पढ़ें: Air India Ticket Price Hike: LPG के बाद हवाई सफर पर महंगाई की मार, एयर इंडिया ने लगाया फ्यूल सरचार्ज; कल से महंगा होगा हवाई किराया

वायरल वीडियो में विमान की सीटों के आसपास और गलियारों में इस्तेमाल किए गए टिश्यू पेपर, खाने के अवशेष, कागज के टुकड़े और अन्य कचरा बिखरा हुआ नजर आता है. इतना ही नहीं, कुछ सीटों के हेडरेस्ट कवर भी फटे हुए दिखाई दिए.

'फ्लाइट में सफर कर सकते हैं तो बेसिक मैनर्स भी रखें'

वीडियो पर वंशिका कटारिया ने एक सख्त संदेश लिखा. उन्होंने कहा, "प्रिय यात्रियों, अगर आप फ्लाइट का टिकट खरीद सकते हैं, तो आप बुनियादी शिष्टाचार भी अपना सकते हैं." इसके साथ ही उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "ब्रेकिंग न्यूज: फ्लाइट तो लैंड हो गई, लेकिन बेसिक मैनर्स कभी बोर्ड ही नहीं हुए." यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और हजारों लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

यात्रियों को शर्मिंदा करना नहीं था मकसद

वीडियो वायरल होने के बाद वंशिका कटारिया ने कमेंट सेक्शन में सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी यात्री को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा करना नहीं था. उन्होंने बताया कि यह पोस्ट केवल लोगों को जागरूक करने और सहयोग की अपील करने के लिए की गई थी.

उन्होंने लिखा, "केबिन क्रू के तौर पर मेरा मकसद किसी को शर्मिंदा करना नहीं है. बस सभी यात्रियों से एक छोटी सी अपील है कि यदि आपके पास रैपर, कप, टिश्यू या कोई अन्य कचरा है तो उसे एक जगह इकट्ठा कर लें और कचरा संग्रह के दौरान क्रू को सौंप दें."

सफाई कर्मचारियों की मेहनत का भी रखें ध्यान

वंशिका ने अपने पोस्ट में विमान की सफाई करने वाले कर्मचारियों की चुनौतियों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि एक उड़ान के बाद अगली उड़ान से पहले सफाई कर्मचारियों को विमान तैयार करने के लिए बहुत कम समय मिलता है.

उन्होंने कहा, "हमारे सफाई कर्मचारी बेहद कम समय में विमान को अगली उड़ान के लिए तैयार करते हैं और वे बहुत मेहनत करते हैं. यात्रियों का थोड़ा सा सहयोग उनका काम काफी आसान बना सकता है."

एयर इंडिया के केबिन क्रू सदस्य का वीडियो वायरल हुआ

सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने केबिन क्रू के समर्थन में प्रतिक्रिया दी और यात्रियों से जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की. वहीं कुछ यूजर्स का मानना था कि एयरलाइन को भी यात्रियों के लिए पर्याप्त कचरा निपटान सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई और जिम्मेदारी के महत्व की याद दिला रहा है.

Share Now