देश

Delhi Gang Rape: दिल्ली में अज्ञात कार से लिफ्ट मांगने पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, 2 गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी में एक 34 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने बुधवार को कहा कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Delhi Gang Rape: दिल्ली में अज्ञात कार से लिफ्ट मांगने पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, 2 गिरफ्तार
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits PTI)

नई दिल्ली, 29 दिसम्बर : राष्ट्रीय राजधानी में एक 34 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने बुधवार को कहा कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारी के मुताबिक घटना सोमवार तड़के उस वक्त हुई जब पीड़ित महिला ने पश्चिमी दिल्ली में एक अज्ञात कार से लिफ्ट मांगी थी. अधिकारी ने कहा कि महिला को सागरपुर से तड़के करीब तीन बजे उठाया गया और फिर निहाल विहार छोड़ दिया. कार में सवार दोनों आरोपितों ने पीड़ित महिला को निहाल विहार इलाके में सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 डी और 342 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और कई सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद शहर के हरि नगर इलाके से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस विभाग के सूत्रों ने बताया कि दोनों आरोपियों में से एक घटना वाले दिन 18 साल का हो गया था और दोनों आरोपी अपना जन्मदिन मना रहे थे. सूत्रों से आईएएनएस को पता चला कि प्राथमिकी दर्ज करने में देरी हुई है. हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मुद्दे को तुरंत सुलझा लिया गया है. पुलिस ने वारदात में शामिल कार को भी कब्जे में ले लिया है. पिछले साल के आंकड़ों की तुलना में राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं. विशेष रूप से, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा दो महीने पहले जारी आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में देश के सभी महानगरों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या सबसे अधिक दर्ज की गई. यह भी पढ़ें : UP Assembly Elections 2021: भाजपा को अमित शाह की रणनीति पर है भरोसा

दिल्ली पुलिस द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, शहर में चालू वर्ष में 31 अक्टूबर तक 1,725 महिलाओं के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया है. 2020 में 1429 महिलाओं को जघन्य अपराध का सामना करना पड़ा. पिछले साल के आंकड़ों से तुलना करें तो इसमें 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. 2020 में, महिलाओं के खिलाफ अपराधों की कुल संख्या 7,948 थी जो इस साल बढ़कर 11,527 हो गई है. कुल मिलाकर, राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं के खिलाफ अपराध में केवल (पिछले) 10 महीनों में 45 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 29, 2021 12:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).