गुजरात: पति की हत्या के जुर्म में महिला एवं सौतेला भाई गिरफ्तार
गुजरात के राजकोट जिले में एक व्यक्ति की हत्या के लिए उसकी पत्नी और सौतेले भाई को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
वडोदरा: गुजरात के राजकोट जिले में एक व्यक्ति की हत्या के लिए उसकी पत्नी और सौतेले भाई को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त जयदीप सिंह जडेजा ने आरोपियों की पहचान ममता पटेल और अजय कुमार पटेल के रूप में की. दोनों को गुरुवार को वडोदरा रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने बताया कि ममता मृतक सुनील पटेल की पत्नी है जबकि अजय सुनील का सौतेला भाई है.
सुनील को अजय और ममता के बीच विवाहेत्तर संबंध होने का संदेह था और इसे लेकर दोनों से कई बार बहस भी हुई थी. अधिकारी ने बताया कि अजय और ममता ने सुनील को मारने का फैसला किया और तीन अक्टूबर को कथित रूप से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उन्होंने शव को राजकोट में झाड़ियों में ठिकाने लगा दिया.
सुनील का शव बाद में वहां से बरामद होने के बाद राजकोट की थोराडा पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए वडोदरा पुलिस ने अजय और ममता को शहर के रेलवे स्टेशन पर उत्तर प्रदेश जाने वाली एक ट्रेन में सवार होते समय पकड़ा. जडेजा ने कहा कि दोनों आरोपी और मृतक उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के सिरसी गांव के रहने वाले हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2018 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

