Ganeshotsav 2026: अब बिना फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं पहुंचेगी विशाल गणेश प्रतिमा, BMC ने हादसे के बाद लागू किए नए नियम
नई व्यवस्था के तहत एक टन से अधिक वजन वाली हर गणेश प्रतिमा की पूरी जानकारी दर्ज की जाएगी. इसमें प्रतिमा के ऑर्डर से लेकर निर्माण, परिवहन और पंडाल तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी. इसके अलावा बीएमसी भारी प्रतिमाओं के परिवहन और आगमन के दौरान विशेष मॉनिटरिंग भी करेगी, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके.
Ganeshotsav 2026: मुंबई में गणेशोत्सव से पहले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बड़ी गणेश प्रतिमाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब एक टन से अधिक वजन वाली गणेश प्रतिमाओं के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा. यह फैसला हाल ही में भुलेश्वर में गणेश प्रतिमा से जुड़े दर्दनाक हादसे के बाद लिया गया है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी. बीएमसी का उद्देश्य भारी-भरकम प्रतिमाओं के निर्माण, परिवहन और पंडाल तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके. गणेशोत्सव 2026: मुंबई में कब पधारेंगे बप्पा? जानें गणपति स्थापना की तारीख, शुभ मुहूर्त और धार्मिक महत्व
एक टन से भारी प्रतिमाओं पर रहेगी विशेष निगरानी
नई व्यवस्था के तहत एक टन से अधिक वजन वाली हर गणेश प्रतिमा की पूरी जानकारी दर्ज की जाएगी. इसमें प्रतिमा के ऑर्डर से लेकर निर्माण, परिवहन और पंडाल तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी. इसके अलावा बीएमसी भारी प्रतिमाओं के परिवहन और आगमन के दौरान विशेष मॉनिटरिंग भी करेगी, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके.
तैयार किया जा रहा है नया SOP
बीएमसी ने बड़ी गणेश प्रतिमाओं की सुरक्षा, फिटनेस सर्टिफिकेट और परिवहन व्यवस्था के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस संबंध में DMC जोन-2 के अधिकारी प्रशांत सपकाले की अध्यक्षता में बैठक भी आयोजित की गई. नए SOP में प्रतिमाओं की संरचनात्मक मजबूती, फिटनेस प्रमाणपत्र और सुरक्षित परिवहन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश शामिल किए जाएंगे.
भुलेश्वर हादसे के बाद लिया गया फैसला
बीएमसी का यह फैसला 'भुलेश्वर चा राजा' की प्रतिमा से जुड़े हादसे के बाद आया है. प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान भारी प्रतिमा के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे. इस घटना के बाद बीएमसी ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने का फैसला लिया है.
सड़कों की भी होगी विशेष जांच
बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने सड़क विभाग और वार्ड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गणेश प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन मार्गों को गड्ढा मुक्त बनाया जाए. इसका उद्देश्य भारी प्रतिमाओं के परिवहन के दौरान सड़क से जुड़े जोखिमों को कम करना है. बीएमसी को उम्मीद है कि फिटनेस सर्टिफिकेट और निगरानी व्यवस्था लागू होने से गणेशोत्सव के दौरान बड़ी प्रतिमाओं के परिवहन में सुरक्षा और पारदर्शिता दोनों बढ़ेंगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2026 11:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

