West Bengal Road Accident: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में NH-27 पर यात्रियों से भरी बस और लॉरी के बीच भीषण टक्कर, 4 लोगों की मौत, 29 घायल; VIDEO

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 (NH-27) पर एक भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए. राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की है. मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की गई है.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: IANS)

West Bengal Road Accident:   पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में मयनागुड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 27 (NH-27) पर पिछले रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है. उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (NBSTC) की एक बस और लॉरी (ट्रेलर) के बीच हुई इस भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह बस सिलीगुड़ी से कूचबिहार की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में खड़े एक ट्रेलर से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का पिछला हिस्सा बस के अंदर तक घुस गया.

अस्पताल पहुंचे पर्यटन मंत्री और सांसद

घटना के बाद पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने अस्पताल का दौरा कर घायल मरीजों से मुलाकात की. उन्होंने डॉक्टरों से बात कर घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

वहीं, स्थानीय भाजपा सांसद डॉ. जयंत कुमार रॉय ने अस्पताल की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि कुल 32 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से 4 लोगों की मृत्यु हो चुकी है. अस्पताल लाए गए पीड़ितों में 17 महिलाएं और 15 पुरुष शामिल हैं. कुछ मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दूसरे बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है.

जलपाईगुड़ी में बस और लॉरी के बीच टक्कर

मुआवजे का ऐलान और मुफ्त इलाज का वादा

पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद है. मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी. इसके साथ ही गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य का परिवहन और स्वास्थ्य विभाग उठाएगा.

जांच में जुटी पुलिस, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. पुलिस के उप महानिरीक्षक (DIG) ने भी दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया है. इस पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है कि दुर्घटना किस वजह से हुई. इस बीच, हादसे के बाद का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुर्घटना की भयावहता को साफ देखा जा सकता है.

Share Now