कल का मौसम: 19 जुलाई को पटना, गया, बेगूसराय समेत पूरे बिहार में कैसा रहेगा मौसम? ताजा अपडेट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 जुलाई के लिए बिहार में मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. पटना, गया और बेगूसराय समेत राज्य के 13 जिलों में भारी से अति भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है.
कल का मौसम: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार, 19 जुलाई के लिए राज्यभर में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) का अलर्ट जारी किया है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर के मुकाबले दक्षिण बिहार के जिलों में मानसूनी गतिविधियां अधिक तेज रहने की संभावना है. इस मौसमी बदलाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान गिरेगा, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.
इन 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, मूसलाधार बारिश के आसार
मौसम विभाग ने राज्य के 4 प्रमुख जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके तहत गया, बेगूसराय, जमुई और नवादा जिलों में 19 जुलाई को अत्यधिक भारी से मूसलाधार बारिश होने की प्रबल आशंका जताई गई है. इस दौरान इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी जलभराव की स्थिति भी बन सकती है. यह भी पढ़े: Patna Today News 11 July: पटना में आज कैसा रहेगा मौसम? पेंशन हस्तांतरण, रैपिड रेल और उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश समेत दिनभर की बड़ी खबरें, यहां पढ़ें एक क्लिक में
पटना समेत 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी
राजधानी पटना सहित कुल 9 जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. रविवार को पटना, नालंदा, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, अरवल, शेखपुरा और किशनगंज जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. इन जिलों में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बौछारें पड़ने की उम्मीद है. इसके साथ ही मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और समस्तीपुर समेत मिथिलांचल के कई इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और मध्यम बारिश हो सकती है.
तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी
आईएमडी के अनुसार, बारिश के दौरान राज्य के दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम वैज्ञानिकों ने आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने की आशंका को देखते हुए विशेष चेतावनी जारी की है. आपदा प्रबंधन विभाग ने आम जनता और विशेषकर किसानों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें.
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन पंजाब से उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए झारखंड की ओर गुजर रही है. इसके साथ ही, उत्तरी बिहार से लेकर उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक झारखंड और गंगा के मैदानी इलाकों से होकर एक अन्य ट्रफ लाइन सक्रिय है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी झारखंड के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र (सर्कुलेशन) के कारण भी बिहार में मानसूनी हवाओं को भारी नमी मिल रही है, जिससे अगले 3 से 4 दिनों तक बारिश का यह दौर जारी रहने की संभावना है.