देश

VIDEO: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, कार-बस की टक्कर में 6 लोगों की मौत, 45 घायल

डबल डेकर बस ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी. यह हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और पूरी कार चेसिस समेत सड़क से नीचे खाई में जा गिरी.

VIDEO: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, कार-बस की टक्कर में 6 लोगों की मौत, 45 घायल

उत्तर प्रदेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हुआ है. यह दुर्घटना उसराहार थाना क्षेत्र में सैफई के पास हुई, जहाँ एक तेज़ रफ़्तार डबल डेकर बस ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी. यह हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और पूरी कार चेसिस समेत सड़क से नीचे खाई में जा गिरी. इस हादसे में कार में सवार तीन लोगों के साथ-साथ बस में बैठे तीन लोगों की भी मौत हो गई. बस में सवार 45 यात्री इस दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बस से निकालकर सैफई के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया. यह हादसा शनिवार-रविवार की रात करीब 1 बजे हुआ. पुलिस के अनुसार, डबल डेकर बस रायबरेली से नई दिल्ली जा रही थी. जब यह बस उसराहार थाना क्षेत्र में पहुंची, तभी सामने से आ रही एक कार से टकरा गई. बस की तेज़ गति के कारण ड्राइवर वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और दोनों वाहन आपस में टकरा गए. इस हादसे के समय बस में सवार सभी यात्री गहरी नींद में थे. इस बस में 70 से अधिक लोग सवार थे.

कार खाई में गिरी

हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ समझ में नहीं आया और लोग ऊपर से नीचे गिरने लगे. बस के कैबिन में बैठे यात्रियों ने बताया कि सामने से आ रही कार से टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि पूरी कार के परखच्चे उड़ गए. टक्कर लगते ही कार हवा में उड़कर एक्सप्रेसवे के नीचे खाई में जा गिरी. इस हादसे में कार में सवार सभी 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बस में बैठे 3 लोगों की भी मौत हो गई और 45 से अधिक लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि यह कार राजस्थान के बालाजी से कन्नौज जा रही थी.

घायलों की स्थिति

इनमें से लगभग आधा दर्जन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने कहा कि इस हादसे में मारे गए 5 लोगों की पहचान हो गई है, हालांकि एक मृतक की पहचान अभी बाकी है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार, एएसपी सत्यपाल सिंह, एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक जांच के बाद एसएसपी ने बताया कि यह हादसा बस ड्राइवर को नींद आने के कारण हुआ. वहीं, एडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन ने सैफई मेडिकल कॉलेज में राजस्व विभाग के लेखपालों को ड्यूटी पर तैनात किया है. वे पीड़ितों की मदद कर रहे हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 04, 2024 08:09 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).