देश

UP Weather: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड, 25 जिलों में 19 जनवरी तक घने कोहरे का अलर्ट

उत्तर प्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है. इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 25 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जो 19 जनवरी तक जारी रहेगा.

UP Weather: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड, 25 जिलों में 19 जनवरी तक घने कोहरे का अलर्ट
Representational Image | PTI

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है. इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 25 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जो 19 जनवरी तक जारी रहेगा. इसके साथ ही, गुरुवार, 16 जनवरी को राज्य के कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. हालांकि, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

बुधवार को फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो प्रदेश का सबसे कम तापमान था. वहीं, बिजनौर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री और मेरठ में 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

लखनऊ और आसपास के इलाकों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ और इसके आसपास के जिलों, जैसे रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर, और हरदोई में हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों, जैसे पीलीभीत, बरेली, बदायूं, आगरा, मथुरा, और फिरोजाबाद में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. अन्य इलाकों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाने की उम्मीद है.

घने कोहरे के लिए अलर्ट

मौसम विभाग ने 19 जनवरी तक राज्य के कुछ हिस्सों में घने और बेहद घने कोहरे की चेतावनी दी है. घने कोहरे का असर विशेष रूप से इन जिलों में देखा जा सकता है: चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, संत रविदास नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर और अमरोहा.

अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम

16 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. 20 जनवरी के बाद राज्य का मौसम सूखा रहेगा. हालांकि, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. वहीं, 48 घंटे के बाद अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि होने की संभावना है.

मौसम विभाग के इस अलर्ट के मद्देनजर ठंड और कोहरे से बचने के लिए सतर्क रहें. सुबह और देर रात बाहर निकलने से बचें, गर्म कपड़े पहनें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 16, 2025 06:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).