18 महीनों से शादी का कर रहा था इंतजार, यूपी में 22 साल के दुल्हे ने लॉकडाउन में ऐसे किया विवाह, दुल्हन को भी लाया साथ

कोरोनावायरस प्रकोप के बीच जब उत्तर प्रदेश के एक युवा की शादी की तारीख आई तो उसने अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए एक अनूठा कदम उठाया. दूल्हे ने शादी के कपड़े पहने, एक मोटरसाइकिल पर अपने पिता को बिठाया, दो और दोस्तों को साथ लिया और गुरुवार रात अपनी दुल्हन के घर पहुंच गया.

प्रतीकात्मक तस्वीर ((Photo Credits: Pexels))

बिजनौर : कोरोनावायरस (Covid-19) प्रकोप के बीच जब उत्तर प्रदेश के एक युवा की शादी की तारीख आई तो उसने अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए एक अनूठा कदम उठाया. दूल्हे ने शादी के कपड़े पहने, एक मोटरसाइकिल पर अपने पिता को बिठाया, दो और दोस्तों को साथ लिया और गुरुवार रात अपनी दुल्हन के घर पहुंच गया. शादी के बाद, वह अपनी दुल्हन को पीछे बैठाकर घर लौट आया. कोरोना संकट के समय में यह शादी शहर के पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तहत जाटान मुहल्ले में हुई.

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत नसीरपुर गांव का 22 वर्षीय दूल्हा विकास कुमार पिछले 18 महीनों से अपनी शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहा था. उसकी पसंद की लड़की से उसकी सगाई कई महीनों पहले हो चुकी थी. विकास चाहते थे कि उनकी शादी बहुत धूमधाम से हो और वह इसकी तैयारी भी कर रहे थे. लेकिन, कोरोना के प्रकोप और लॉकडाउन के कारण उनकी योजना पर पानी फिर गया. विकास अपनी शादी स्थगित करने के लिए तैयार नहीं था. यह भी पढ़ें: Coronavirus Lockdown: राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन का उल्लंघन, सब्जी मंडी में लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग को किया पूरी तरह नजरअंदाज

शादी में, दूल्हे और दुल्हन सहित सभी ने मास्क लगाए और सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया. स्थानीय पत्रकारों से विकास ने कहा, "भव्य तरीके से शादी करने की मेरी सारी योजना बर्बाद हो गई है. लेकिन मैं अभी भी खुश हूं कि इन हालातों में भी हमारी शादी हो गई. एक बार जब लॉकडाउन खत्म हो जाएगा और स्थितियां सामान्य हो जाएंगी तो हम शादी का जश्न मनाएंगे." बुधवार को एक मुस्लिम जोड़े ने फेसटाइम और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शादी की थी. शादी हरदोई जिले में हुई. लॉकडाउन खत्म होने के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को घर ले जाएगा.

Share Now